कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में बीते कुछ समय पहले रेलवे ट्रैक पर मिले एक युवक के क्षत-विक्षत शव को लेकर हत्या की आशंका जताई गई है। बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास मिले 26 वर्षीय दीपक जाटव के शव को लेकर पिता अमर सिंह जाटव और उसकी पत्नी गायत्री ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बेटे की पीट-पीटकर हत्या की गई और फिर मामले को रेलवे हादसा दिखाने के लिए शव ट्रैक पर फेंक दिया गया। परिजनों ने दो लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
दरअसल, मामला 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात का है। मृतक दीपक जाटव (26) बेलदारी और मजदूरी का काम करता था। परिजनों के मुताबिक, मुंशी जाटव और उसका बेटा कल्लू जाटव उसे शटरिंग और बाजरा कटाई के काम पर अपने साथ रखते थे। आरोप है कि पिछले करीब एक महीने से दोनों उसे अपने घर पर रोककर शराब पिला रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद भी चल रहा था। परिवार का दावा है कि 6 सितंबर को जब दीपक के ससुर ने उसे भेजने से मना किया, तब आरोपियों ने धमकी दी थी।
भाई को लगाया था फोन, आरोपियों ने जबरन रोका
परिजनों के आरोपों के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात करीब 7 बजकर 56 मिनट और फिर 8 बजकर 51 मिनट पर दीपक ने अपनी पत्नी गायत्री और छोटे भाई संदीप को फोन किया था। उसने बताया था कि मुंशी और कल्लू उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही भाई संदीप मौके पर पहुंचा। संदीप का आरोप है कि उसने दोनों के हाथ में डंडा और लोहे का पाइप देखा। वह दीपक को अपने साथ ले जाने लगा, लेकिन आरोपियों ने उसे जबरन रोक लिया।
हत्या कर रेलवे ट्रैक पर शव फेंकने का आरोप
अगली सुबह 12 अक्टूबर को करीब 8 बजे दीपक का शव बिरला नगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर मिला। पिता अमर सिंह जाटव का आरोप है कि बेटे की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपक के चेहरे, आंख और पैर पर गंभीर ताजा चोटों की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ये चोटें मौत से 12 घंटे से कम समय के भीतर की हैं। इसी आधार पर परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
परिवार की परवरिश का संकट, पुलिस ने कही ये बात
दीपक अपने पीछे पत्नी गायत्री और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश का भी बड़ा संकट है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 12 अक्टूबर की सुबह रेलवे ट्रैक पर मिले दीपक के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया गया था। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

