कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में सुपावली गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जहां करीब 20 लोग घायल हो गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, भंडारा कार्यक्रम से लौट रहे लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माणाधीन और खस्ताहाल सड़क पर पलट गई। हादसे के पीछे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच रेस लगाना वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दरअसल, टोरियन का पूरा गांव के रहने वाले लोग जखारा के पास स्थित नहर वाली माता मंदिर में आयोजित भंडारा कार्यक्रम में देर रात शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान सुपावली गांव के पास निर्माणाधीन और जर्जर सड़क पर चल रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच कथित तौर पर रेस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रॉली सवारों के मुताबिक, रफ्तार और रेस के चलते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार दर्जनों लोग सड़क पर जा गिरे।
ये भी पढ़ें: तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को कुचला: मंत्री नागर सिंह चौहान ने काफिले वाहन से पहुंचवाया अस्पताल, फिर भी नहीं बच सकी जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। बिजौली थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए मुरार जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जबकि 3 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। लेकिन देर रात तक घायलों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मुरार से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें: हेलमेट होता तो शायद बच जाती जान: तेज रफ्तार ईट लोड डग्गी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, हाईवे फिर हुआ खून से लाल
घायल महिला नेमश्री का कहना है कि यात्रा सामान्य रूप से चल रही थी और सब कुछ ठीक था, लेकिन अचानक ट्रॉली पलट गई। किसी को समझ ही नहीं आया कि आखिर हादसा कैसे हो गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस हादसे के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। हालांकि शुरुआती तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच रेस और खराब सड़क को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

