कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर संभाग से लापरवाही का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है जो एक महिला के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। यहां माता के जागरण के दौरान एक युवक द्वारा की गई पटाखा चलाने की लापरवाही के कारण एक महिला की आंख की रोशनी पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। लापरवाही से छोड़ा गया पटाखा महिला के चेहरे के बिल्कुल पास आकर फट गया जिससे उनकी आंख की ऑप्टिक नर्व गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। कई सर्जरी और महीनों चले इलाज के बाद भी महिला की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते घटना के तुरंत बाद शिकायत नहीं की गई थी लेकिन अब करीब दो महीने बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: NEET विवाद: कांग्रेस की PC में फूट-फूटकर रोया छात्र लक्ष्य मिश्रा, पूछा- ‘हम सब की चिंता करने वाला कौन है?’

मना करने के बाद भी जलाया पटाखा, पास में हुआ जोरदार धमाका

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली वंदना रायवकार ने ग्वालियर के इंदरगंज थाने में इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि बीती 15 अप्रैल को वह अपने पति के साथ ग्वालियर के सिंधिया नगर स्थित अपनी बहन के घर आयोजित माता के जागरण में शामिल होने आई थीं। देर रात करीब दो बजे बहन के देवर का बेटा हेमंत गौड़ वहां पटाखे चला रहा था। वंदना और अन्य लोगों द्वारा मना किए जाने के बावजूद हेमंत नहीं माना और उसने लापरवाही से एक पटाखा जला दिया, जो सीधे वंदना के पास आकर फट गया।

चेहरे, आंख और शरीर पर आईं गंभीर चोटें, चेन्नई तक चला इलाज

पटाखे के इस भयानक धमाके से वंदना की बाईं आंख, गाल, कोहनी और कमर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें लहूलुहान हालत में तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के अगले ही दिन पुलिस भी अस्पताल पहुंची थी लेकिन पारिवारिक और सामाजिक दबाव के कारण पीड़िता और उनके परिवार ने उस समय कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।

बाद में जब डॉक्टरों ने गहन जांच की तो पता चला कि धमाके के कारण वंदना की आंख की मुख्य ऑप्टिक नर्व गंभीर रूप से डैमेज हो चुकी है। आंख के भीतर खून भर जाने की वजह से डॉक्टरों को कई जटिल सर्जरीज करनी पड़ीं। ग्वालियर में आराम न मिलने पर परिजनों ने चेन्नई के प्रसिद्ध शंकर नेत्रालय में भी उनका लंबा इलाज कराया।

ये भी पढ़ें: MP में दोबारा शुरू होगी पदोन्नति: 4.5 लाख कर्मचारियों को फायदा, खुलेंगे 2 लाख नई भर्तियों के रास्ते

बढ़ते खर्च और परेशानी के बाद लिया कानूनी एक्शन

लगातार चल रहे इलाज, बेतहाशा बढ़ते खर्च और शारीरिक-मानसिक परेशानी से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने न्याय का दरवाजा खटखटाया। वंदना ने ग्वालियर के इंदरगंज थाने पहुंचकर आरोपी हेमंत गौड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी हेमंत के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m