शब्बीर अहमद, भोपाल। नीट (NEET) परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले को लेकर भोपाल में आयोजित कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बेहद भावुक कर देने वाला नजारा सामने आया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रहने वाले नीट परीक्षार्थी लक्ष्य मिश्रा अचानक फूट-फूटकर रो पड़े। रोते हुए छात्र ने अपनी पीड़ा व्यक्त की और व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ‘आखिर हम सभी छात्रों की चिंता करने वाला कौन है?’

ये भी पढ़ें: कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान: ग्वालियर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, बोले- ‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन’

इस दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीड़ित छात्र को ढांढस बंधाया। कांग्रेस ने इस घटनाक्रम को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि देश भर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए केंद्र की घेराबंदी

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने पेपर लीक और नीट घोटाले के खिलाफ अपने 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी आंदोलन “छात्रों की गूंज” की विस्तृत रूपरेखा साझा की। कांग्रेस का आरोप है कि नीट यूजी सहित कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई धांधली ने परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है। अब यह पेपर लीक कोई छिटपुट घटना नहीं, बल्कि एक संगठित माफिया नेटवर्क का हिस्सा बन चुका है।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें-

शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।

निष्पक्ष जांच: कथित संगठित पेपर लीक नेटवर्क की एक उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए।

परीक्षा प्रणाली में सुधार: परीक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की जाए और पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और लीक-प्रूफ बनाया जाए।

निश्चित टाइमलाइन: सभी सरकारी भर्तियों और परीक्षाओं के लिए एक समयबद्ध कैलेंडर जारी किया जाए।

ये भी पढ़ें: MP में दोबारा शुरू होगी पदोन्नति: 4.5 लाख कर्मचारियों को फायदा, खुलेंगे 2 लाख नई भर्तियों के रास्ते

40 दिनों का आंदोलन: कलेक्ट्रेट से लेकर संसद तक घेराव

कांग्रेस का यह अभियान देश के 28 प्रमुख शहरों में चलाया जाएगा, जिसके तहत कॉलेज परिसरों में छात्र संवाद, ज्ञापन और बड़े प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। 1 अगस्त को देश के विभिन्न जिलों में जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा। वहीं 9 अगस्त को युवा और छात्र दिल्ली में एकत्रित होकर केंद्र सरकार के खिलाफ संसद का घेराव करेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m