कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में जनगणना कर रहे प्रगणक के साथ अभद्रता और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। जनगणना कार्यालय ने सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस फोर्स के पहुंचने पर अभद्रता करने वाले ने माफी मांग ली। जिसके बाद मामला शांत हुआ। हालांकि पुलिस और जनगणना अधिकारियों ने अभद्रता करने वाले को सख्त हिदायत देते हुए बताया कि काम में रुकावट डालने और जानकारी न देने पर 3 साल तक की सजा का प्रावधान है।

जनगणना करने पहुंची टीम से अभद्रता

विश्विद्यालय थाना क्षेत्र का यह पूरा मामला है। जहां यशोदा टावर में रहने वाले अमित तिवारी के फ्लैट पर जनगणना के लिए टीम पहुंची थी। इस दौरान प्रगणक राधा चौहान ने जब उनके फ्लैट का दरवाजा खटखटाया तो वह बाहर आए। इसके बाद जनगणना करने पहुंची टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी। अमित तिवारी ने उन्हें जानकारी देने से इनकार कर दिया। साथ ही आसपास के लोगों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया। 

पुलिस के पहुंचते ही ठंडे पड़े युवक के तेवर

खुद को बंधक बना देख प्रगणक राधा चौहान ने इसकी सूचना स्थानीय जनगणना ऑफिस को दी। तत्काल इसकी सूचना विश्विद्यालय थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस फोर्स और अधिकारियों को देख विवाद करने वाले लोगो के तेवर ठंडे पड़ गए। वहीं विवाद करने वाले अमित तिवारी पर प्रगणक ने कार्रवाई की मांग की। गलती का अहसास होने पर आरोपी अमित तिवारी ने पूरी टीम से माफी मांगी। इसके साथ ही जनगणना से जुड़ी जरूरी जानकारी भी टीम को दी।

जनगणना के काम मे व्यवधान डालने पर 3 साल की सजा

इस तरह विवाद आपसी रजामंदी से खत्म हुआ। जनगणना का काम देख रहे नगर निगम उपायुक्त प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया है कि जनगणना के काम मे व्यवधान डालने और जानकारी न देने वालो के खिलाफ 3 साल तक सजा और जुर्माने का नियम है। ऐसे में  भविष्य में कोई इस तरह की गलती करता है तो सख्त कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m