मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कभी पढ़ाई की थी. उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से लोकतंत्र, मतदान और जिम्मेदार नागरिक बनने को लेकर संवाद किया.
लखनऊ. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिन के लखनऊ दौरे पर हैं. सोमवार को वह कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने अपने छात्र जीवन में पढ़ाई की थी. लंबे समय बाद अपने पुराने कॉलेज पहुंचने पर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए.
कॉलेज में ज्ञानेश कुमार ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से लोकतंत्र, चुनाव, मताधिकार और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषयों पर बातचीत की. उन्होंने कहा कि कॉलेज ने उन्हें केवल किताबी शिक्षा नहीं दी, बल्कि अनुशासन, चुनौतियों का सामना करने का साहस और सही विचारों को अपनाने की क्षमता भी विकसित की.
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्कूल और कॉलेज का दौर व्यक्तित्व निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. अच्छे शिक्षक, शैक्षणिक वातावरण और अनुभव जीवन को दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं.
युवाओं की भूमिका अहम
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने छात्रों को लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं है, बल्कि देश के भविष्य के निर्माण में भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम भी है. जागरूक मतदाता मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होते हैं.
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया, मतदाता बनने की पात्रता, मतदान और निष्पक्ष चुनाव से जुड़े सवाल पूछे. ज्ञानेश कुमार ने उनके सवालों के जवाब देते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में युवा पीढ़ी की सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया.
उन्होंने कहा कि कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यह समय विशेष है, क्योंकि इनमें से कई आने वाले समय में पहली बार मतदान करेंगे. ऐसे में उन्हें अभी से अपने अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी हासिल करनी चाहिए.
पुरानी यादों में भावुक
कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचकर ज्ञानेश कुमार अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक नजर आए. उन्होंने कहा कि लखनऊ से उनका पुराना और गहरा संबंध है और यहीं से शुरुआती शिक्षा लेने के बाद वह उच्च शिक्षा के लिए आगे बढ़े.
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षकों की सीख, कॉलेज के वातावरण और यहां मिलने वाले अनुभवों से अधिक से अधिक सीखने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कॉलेज में मिली सीख उनके जीवन में आगे काफी काम आई.
ज्ञानेश कुमार ने कहा, “इस कॉलेज ने जो-जो चीजें हमें सिखाईं, वे मेरे जीवन में आगे बहुत काम आईं. यहां के बच्चों से संवाद करते हुए मैंने उनसे यही कहा कि जीवन का यह समय ऐसा होता है, जब स्कूल बहुत सारी चीजें देता है. अच्छे शिक्षक और स्कूल का वातावरण बहुत कुछ सिखाते हैं. उन विचारों और सीख को ग्रहण करने वाला होना चाहिए.”
चुनाव से पहले संवाद
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने विद्यार्थियों के साथ बातचीत को सुखद अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि यह मुलाकात उनके लिए अतीत और वर्तमान के बीच संवाद जैसी रही, क्योंकि एक दौर उनका था और दूसरा आज इन विद्यार्थियों का है.
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का उन विद्यार्थियों से संवाद महत्वपूर्ण है, जो आने वाले समय में मतदाता बनने जा रहे हैं.


