Congress On CEC Gyanesh Kumar: वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग (Election Commission) में मतभेद पर ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के खुलासे के बाद से देश की राजनीति में कोहराम मचा हुआ है। पूरा विपक्ष इसे लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ( CEC Gyanesh Kumar) और मोदी सरकार पर हमलावर है। विपक्ष ज्ञानेश कुमार को हटाने और गिरफ्तार करने की मांग कर रहा है। ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने 25 सितंबर को पूरे देश में प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को अंतिम वॉर्निंग दी है। कांग्रेस ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (Cockroach Janta Party) यानी सीजेपी (CJP) का भी 48 घंटे का अल्टीमेटम भी आज खत्म हो रहा है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कहा कि ज्ञानेश कुमार का पद से जाना सिर्फ समय की बात है। कांग्रेस इसे करके दिखाएगी।

कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर देशभर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए विरोध प्रदर्शन अभी शुरुआत हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में लोकतंत्र के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरेंगे। वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधाय़ उन्होंने सरकार और उसके समर्थकों पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

बता दें कि 25 सितंबर (शुक्रवार) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने पूरे देश में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लः दिल्ली से लेकर कोलकाता, हैदराबाद से लेकर गुवाहाटी और लखनऊ से लेकर पटना तक सड़क पर निकलकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन किया। वोट चोर, गद्दी छोड़ नारे के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। गुवाहाटी, लखनऊ, देहरादून, चंडीगढ़, कोलकाता और मणिपुर में एक साथ विरोध हुआ। गुवाहाटी में गौरव गोगोई ने प्रदर्शन की अगुवाई की। मणिपुर के इंफाल में हालात तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। उत्तराखंड के देहरादून में कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पटना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन भवन का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस पूरे प्रदर्शन की अगुवाई जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रभारी नासिर हुसैन ने की।मणिपुर के इंफाल में स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही. यहां चुनाव आयोग के मुख्य कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दफ्तर के अंदर घुसने की कोशिश की। इसे रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। वहीं दिल्ली में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस के हेड क्वार्टर से शुरू हुआ और धीरे धीरे आगे बढ़ता गया। कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और हाथों में झंडे और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते नजर आए।

मार्क VIP फीचर को लेकर कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस ने चुनाव आयोग के BLO ऐप में कथित मार्क VIP फीचर को लेकर भी सवाल उठाया है। पार्टी का आरोप है कि इस तरह का फीचर मतदाताओं के बीच बराबरी के सिद्धांत पर सवाल खड़ा करता है। हालांकि, चुनाव आयोग के पुराने नियमों में मार्क्ड इलेक्टर की व्यवस्था का जिक्र मिलता है। 2023 के चुनाव आयोग के मैनुअल में कुछ महत्वपूर्ण पदों पर रहने वाले लोगों और कुछ अन्य श्रेणियों के मतदाताओं को चिन्हित करने का प्रावधान बताया गया है। इसलिए 2026 में BLO ऐप में जोड़े गए मार्क VIP फीचर और पुराने मार्क्ड इलेक्टर नियम के बीच अंतर को अलग-अलग समझना जरूरी है।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m