हांसी। हरियाणा के हांसी में फव्वारा चौक के पास सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक जिम संचालक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में जिम संचालक कपिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती शिखा छर्रे लगने से घायल हो गई, जिसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 बजे की है जब कपिल फव्वारा चौक के पास दुकानों की छत (रैप) पर लड़के-लड़कियों को एक्सरसाइज करवा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो हमलावर, जिन्होंने हेलमेट पहन रखा था, मौके पर पहुंचे और करीब से लगभग 10 राउंड फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी। गंभीर मामले को देखते हुए अपराध जांच एजेंसी (CIA) और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

