Hadoti Nikay Chunav: हाड़ौती में 16 नगरीय निकायों के लिए मतदान खत्म होते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने पार्षद प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। करीब-करीब सभी जगहों के प्रत्याशियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है। बारां नगर परिषद की भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव से रात से संपर्क नहीं हो पा रहा है। वहीं दोनों दल जीत का दावा कर रहे हैं। प्रत्याशियों को सांवरिया सेठ, जयपुर, नाथद्वारा, उदयपुर, बगरू और कुछ को मध्य प्रदेश तक भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

मतदान के बाद अब दोनों पार्टियों का पूरा फोकस अपने पार्षद प्रत्याशियों को संभालने पर है। भाजपा के कोटा देहात जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर का कहना है कि कार्यकर्ताओं को एक-दूसरे के परिचय के लिए एकत्रित किया गया है। वहीं कांग्रेस विधायक सीएल प्रेमी ने साफ कहा कि कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में रखा गया है। प्रत्याशियों की निगरानी के लिए पार्टी के कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को भी उनके साथ भेजा गया है।
बारां की भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव से संपर्क नहीं
बारां नगर परिषद के वार्ड नंबर 16 से भाजपा प्रत्याशी अंतिमा यादव को एससी महिला के वार्ड से टिकट मिला था। मतदान के बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। रात से ही उनका फोन नहीं उठने की बात सामने आई है।
भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के मुताबिक, बारां के बाकी सभी भाजपा प्रत्याशियों को जयपुर भेज दिया गया है। वहीं झालावाड़ भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने बताया कि वार्ड पार्षद प्रत्याशियों को प्रशिक्षण के लिए बाहर भेजा गया है और पार्टी स्तर पर सभी से संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा है। हालांकि पार्टी के पदाधिकारी इस बारे में फिलहाल खुलकर जानकारी देने से बच रहे हैं।
कांग्रेस विधायक बोले, खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए भेजा
बूंदी नगर परिषद के कांग्रेस प्रत्याशियों को भी मतदान के बाद बाहर भेजा गया है। पहले सभी को बाईपास स्थित एक होटल में एकत्रित किया गया। इसके बाद इंद्रगढ़, केशोरायपाटन और देई के प्रत्याशियों को जयपुर भेजा गया। केशोरायपाटन से कांग्रेस विधायक सीएल प्रेमी ने बताया कि प्रत्याशियों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए जयपुर भेजा गया है। विधायक के मुताबिक, सभी प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में ही रखा गया है।
कोटा में भी प्रत्याशियों को अलग-अलग जगह भेजा
कोटा जिले में भी भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की तैयारी की है। रामगंज मंडी और सुकेत के भाजपा प्रत्याशियों को पहले रावतभाटा ले जाया गया। इसके बाद उन्हें सांवरिया सेठ भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। सांगोद, सुल्तानपुर और इटावा के भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को भी बाड़ेबंदी में पहुंचाया गया है। पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों पर नजर बनाए हुए हैं।
16 निकाय, 539 वार्ड और 1076 प्रमुख प्रत्याशी
हाड़ौती में जिन 16 नगरीय निकायों के लिए चुनाव हुए हैं, उनमें बारां, झालावाड़ और बूंदी नगर परिषद शामिल हैं। कोटा जिले में रामगंज मंडी, सुकेत, सांगोद, इटावा और सुल्तानपुर में चुनाव हुए हैं। इसके अलावा बारां जिले में अंता और सीसवाली, झालावाड़ जिले में भवानी मंडी, डग और झालरापाटन तथा बूंदी जिले में इंद्रगढ़, केशोरायपाटन और देई में भी चुनाव हुए हैं।
इन 16 निकायों में कुल 539 वार्ड हैं। भाजपा और कांग्रेस के मिलाकर करीब 1076 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनके अलावा कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों को भी पार्टियों ने अपने साथ रखा है। हालांकि बूंदी भाजपा के तीन प्रत्याशी बाड़ेबंदी में नहीं गए हैं। इनमें भरत शर्मा समेत दो अन्य प्रत्याशी शामिल हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा का कहना है कि बाकी प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में भेज दिया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- DGCA का बड़ा फैसला, देशभर के 14 हजार पायलटों की होगी ड्रग टेस्टिंग; पॉजिटिव आए तो लाइसेंस पर खतरा
- धार में ट्रेन के उद्घाटन पर गरमाई सियासत, नेता प्रतिपक्ष बोले- मोदी जी ने कौन सी नई ट्रेन दी ? शिलान्यास तो मनमोहन सिंह ने किया था!
- संविधान और मौलिक अधिकार सर्वोपरि: इंदौर में युवती के जैन साध्वी बनने के फैसले पर हाईकोर्ट की मुहर, सुरक्षा देने के निर्देश!
- परिषदीय स्कूलों के लिए योगी सरकार ने खोला खजाना! TLM के नाम पर 56 करोड़ से ज्यादा मंजूर; 31 अक्टूबर तक अल्टीमेटम
- वोटिंग खत्म, अब शुरू हुआ असली खेल! हाड़ौती में प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी, बारां की BJP प्रत्याशी से रात से संपर्क नहीं



