हल्द्वानी रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण यज्ञ के मामले को लेकर कांग्रेस ने मौन प्रदर्शन कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. पार्टी ने कल डीजीपी मुख्यालय के बाहर उपवास और अनशन का ऐलान किया है.
देहरादून/हल्द्वानी. हल्द्वानी में मंच शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए. कांग्रेस ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
कांग्रेस ने रामलीला मैदान में मौन प्रदर्शन कर जताया विरोध
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हाथों में तख्तियां लेकर मौन प्रदर्शन किया. इस दौरान यशपाल आर्य, सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी समेत कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रामलीला मैदान जैसी सार्वजनिक जगह पर हुई शुद्धिकरण की घटना सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजनीतिक और सामाजिक मतभेदों को इस तरह की घटनाओं के जरिए बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ एकजुटता दिखाई और सरकार से मामले में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की. इससे पहले राहुल गांधी भी मामले में एफआईआर की बात कह चुके हैं.
डीजीपी मुख्यालय पर कल उपवास
कांग्रेस का कहना है कि रामलीला मैदान में कथित रूप से शुद्धिकरण यज्ञ किया गया और इसे पार्टी अध्यक्ष के प्रति अपमानजनक एवं आपत्तिजनक कृत्य माना गया है. इसी के विरोध में कांग्रेस सोमवार को डीजीपी मुख्यालय के बाहर उपवास और अनशन करेगी.
भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर उठाए सवाल
भाजपा का कहना है कि आज जब पूरी दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति की पताका लहरा रही है, तब कांग्रेस छुआछूत और जातिवाद जैसे मुद्दों को जबरदस्ती राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम फैला रही है.
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि किसी व्यक्ति या संगठन पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाना बेहद गंभीर है और इसके समर्थन में कोई ठोस आधार होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दावा किया है कि यह घटना कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की दलित पहचान के कारण हुई, जबकि संबंधित आयोजक संस्था ने ऐसी किसी मंशा से साफ मना किया है.
भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया कि यदि इस मामले में एससीएसटी एक्ट के तहत अपराध बनने का दावा किया जा रहा है तो इसका ठोस कानूनी आधार स्पष्ट किया जाए.
कांग्रेस ने भाजपा पर किया पलटवार
कांग्रेस ने भी भाजपा पर इस मुद्दे को लेकर हमला बोला है. पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि राजनीतिक कांग्रेस नहीं करती, बल्कि कांग्रेस विकास की बात करती है, लेकिन भाजपा इस गंभीर विषय पर राजनीति कर रही है.
उन्होंने कहा कि भाजपा एक तरफ बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ समय-समय पर भाजपा के दलित विरोधी विचार भी सामने आते रहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आपसी सौहार्द और भाईचारे को खत्म करने का काम कर रही है और जाति पर आधारित राजनीति कर रही है.


