हल्द्वानी. कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को उत्तराखंड पहुंचे. यहां रामलीला मैदान में खड़गे ने ‘विजय शंखनाद रैली’ (Vijay Shankhnaad Rally) में उमड़े विशाल जनसमूह को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा. विशेषकर उन्होंने देश और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा किया और भाजपा शासन को आड़े हाथों लिया.
मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने देश और प्रदेश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा ने पवित्र देवभूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है. हमें एकजुट होकर भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना होगा. रैली में उमड़ा विशाल जनसैलाब उत्तराखंड में बदलाव और परिवर्तन का स्पष्ट संदेश दे रहा है.
इसे भी पढ़ें : धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास की अठावले ने की तारीफ, बोले- मेरे अच्छे मित्र हैं सीएम
खड़गे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि Uttarakhand Subordinate Service Selection Commission की भर्ती परीक्षाओं से लेकर कई अन्य भर्तियों तक, पेपर लीक उद्योग बन गया है. नौकरियां बिकती हैं. भर्ती माफिया फल-फूल रहा है. नौकरी उनको मिलती है जिनके पास पैसा और BJP में कनेक्शन हैं. साथियों, हमने पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे नौजवानों का साथ दिया. पिछले कई दिनों से संसद के भीतर भी हम उनके साथ हुई बर्बरता के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं. अमित शाह के आदेश पर बच्चों पर पैलेट गन चलाए गए, वाटर कैनन चलाए गए, टीयर गैस छोड़ी गई, बिजली का करंट छोड़कर बैरिकेड्स लगाए गए. कील लगी लाठियों से लाठीचार्ज किया गया और कुछ जगहों पर करंट वाली लाठियों तक का इस्तेमाल किया गया.
खड़गे ने आगे कहा कि संसद में हम लगातार इस बारे में 15 दिन से हम लोग सवाल पूछ रहे हैं लेकिन न प्रधानमंत्री जवाब दे रहे हैं, न गृह मंत्री. सरकार संसद में जवाब देने से बच रही है. क्योंकि चोर की दाढी में तिनका है. क्या यही लोकतंत्र है? क्या जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी नहीं है?

