हल्द्वानी में एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में कमलुवागांजा स्थित राजकीय खाद्य गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने पर्वतीय जिलों को भेजे जाने वाले चावल के सैंपल लिए हैं, जिनकी लैब जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी.

हल्द्वानी. सरकारी राशन की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. शनिवार को एसडीएम हल्द्वानी मोनिका के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने कमलुवागांजा स्थित राजकीय खाद्य गोदाम का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान पर्वतीय जिलों को भेजे जाने वाले चावल की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच की गई.

चावल के सैंपल लिए

निरीक्षण के दौरान गोदाम में भंडारित चावल के साथ राशन की गुणवत्ता से जुड़े निर्धारित मानकों को भी परखा गया. अधिकारियों ने पर्वतीय क्षेत्रों में भेजे जाने वाले राशन की गुणवत्ता और मानकों की जांच के लिए चावल के सैंपल लिए हैं.

इन सैंपलों को लैब जांच के लिए भेजा जाएगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

राशन आपूर्ति की जांच

कुसुमखेड़ा स्थित आरएफसी गोदाम से पर्वतीय जनपदों समेत अलग-अलग क्षेत्रों में सरकारी राशन की आपूर्ति की जाती है. ऐसे में प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि उपभोक्ताओं तक पहुंचने वाला राशन गुणवत्ता के निर्धारित मानकों पर खरा उतर रहा है या नहीं.

लैब रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि राशन निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं. यदि जांच में गुणवत्ता संबंधी कोई कमी या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

गुणवत्ता से समझौता नहीं

एसडीएम ने गोदाम प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राशन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए. साथ ही एफएसएसएआई और अन्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.

एसडीएम मोनिका ने बताया, “आरएफसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया. खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं. जांच रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.”