हांसी। हरियाणा के हांसी में रविवार को गवर्नमेंट कॉलेज के पास एक बस और डंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हांसी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2-3 सवारियों की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग राहत कार्य के लिए दौड़े।

स्टैयरिंग और इंजन के पार्ट्स कई फीट पीछे खिसके

हादसा कितना भीषण था, इसका अंदाजा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति देखकर लगाया जा सकता है। टक्कर लगने से बस की ड्राइविंग साइड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जोरदार झटके के कारण बस का स्टैयरिंग और इंजन के पार्ट्स उखड़कर कई फीट पीछे तक चले गए। वहीं, सामने से आ रहे डंपर का अगला हिस्सा भी पूरी तरह डैमेज हो गया।

गवर्नमेंट कॉलेज के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बस हांसी से बरवाला की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस गवर्नमेंट कॉलेज के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक डंपर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। आमने-सामने की इस भिड़ंत के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, ट्रैफिक कराया बहाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित कराया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति की जांच कर रही है और इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m