हांसी.हरियाणा के हांसी में मंगलवार को घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपने दो सालों पर फायरिंग कर दी। दोनों भाई अपनी बहन के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर न्यू मॉडल टाउन स्थित उसकी ससुराल पहुंचे थे। आरोप है कि गेट पर दोनों को देखते ही जीजा भड़क गया। गली में धक्का-मुक्की के दौरान उसने पिस्टल से गोली चला दी। दोनों भाई किसी तरह वहां से भागे और बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

बहन ने फोन कर बताई मारपीट की बात

खरक पूनिया गांव निवासी जसबीर ने बताया कि उसकी बहन सरोज की शादी करीब 16 साल पहले बास गांव निवासी बारू से हुई थी। फिलहाल सरोज हांसी के न्यू मॉडल टाउन में रह रही है। जसबीर के मुताबिक शादी के शुरुआती 10 साल तक सब ठीक रहा। इसके बाद बारू नशा करने लगा और सरोज के साथ आए दिन मारपीट करने लगा। वह कोई काम भी नहीं करता था।

जसबीर के अनुसार मंगलवार को सरोज ने फोन कर बताया कि बारू उसके साथ मारपीट कर रहा है। उसने यह भी बताया कि बारू घर से 40 तोले सोने के गहने निकालकर ले गया है। इसके बाद जसबीर अपने भाई के साथ बहन की ससुराल पहुंचा।

दरवाजे पर भाला लेकर खड़ा था जीजा

जसबीर ने बताया कि दोनों भाई घर के पास पहुंचे तो बारू अपने भाई नरेश के साथ दरवाजे पर भाला लेकर खड़ा था। उसने दोनों भाइयों को अंदर जाने से रोक दिया। इसी दौरान दोनों भाइयों ने उसका भाला पकड़ लिया।

इसके बाद मामला बढ़ गया और गली में जीजा और दोनों सालों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।

पहली गोली नहीं लगी, दूसरी चलाने की कोशिश

जसबीर के मुताबिक धक्का-मुक्की के दौरान बारू ने पिस्टल निकाल ली और एक गोली चला दी। गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद उसने दोबारा फायर करने की कोशिश की। दोनों भाइयों ने उसका हाथ पकड़ लिया।

इसके बाद बारू मौके से भाग गया। दोनों भाइयों ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी। सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

40 तोले गहने लेकर भागने का आरोप

जसबीर ने आरोप लगाया कि बारू उसकी बहन के 40 तोले सोने के गहने लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m