हांसी। हिसार के हांसी में रेड जिम संचालक कपिल रेहू की दिनदहाड़े हत्या के मामले में बड़ा मोड़ सामने आया है। वारदात के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट वायरल हुई है, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई और जितेंद्र गोगी गैंग से जुड़े बदमाशों ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल पोस्ट के बाद पुलिस भी इसकी जांच में जुट गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में किया दावा
‘हरी बॉक्सर सुंदर हांसी’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई पोस्ट में दावा किया गया है कि कपिल रेहू की हत्या हरी बॉक्सर, आरडी धालीवाल, हरमान सिंधू और विक्रम क्रीडान ने मिलकर करवाई है। पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि शेखपुरा और ढाणी पुरिया में हुई पिछली फायरिंग की घटना का मुख्य साजिशकर्ता कपिल था और उसने हमलावरों का सहयोग किया था।

वायरल पोस्ट में लिखा गया है कि कपिल को पहले भी दो बार समझाया गया था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा गया है कि पिछली फायरिंग में शामिल सभी लोगों को निशाना बनाया जाएगा। पोस्ट में विरोधियों और उनके समर्थकों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।

आज सुबह हुई फायरिंग
बता दें कि गुरुवार सुबह फव्वारा चौक के पास कपिल रेहू युवाओं को वार्म-अप करवा रहा था, तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में एक युवती भी घायल हुई है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें एक बदमाश कुछ ही सेकेंड में लगातार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल पोस्ट की भी सत्यता खंगाली जा रही है।