नवीन शर्मा , हांसी। हांसी-तोशाम रोड को नया बनाने के लिए करीब 6 महीने पहले सड़क को तोड़ दिया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कई सालों से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क के बनने की उम्मीद जगी थी, लेकिन सड़क तोड़ने के बाद काम अधर में लटक गया। अब हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते से गुजरना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है।

सड़क पर उड़ती धूल से लोग परेशान

सड़क पर दिनभर धूल और मिट्टी उड़ने से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बाइक सवारों के लिए सफर मुश्किल हो गया है। टूटी सड़क पर पड़े रोड़े और गड्ढों के कारण आए दिन वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। करीब एक महीने पहले Vinod Bhayana ने जल्द काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।

नियमों की अनदेखी का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार नियमों को ताक पर रखकर काम में लापरवाही बरत रहे हैं। नियमों के अनुसार सड़क निर्माण पूरा होने तक सुबह-शाम पानी का छिड़काव किया जाना चाहिए ताकि धूल न उड़े, लेकिन मौके की स्थिति कुछ और ही बयां कर रही है। सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और हादसों को न्योता दे रही है।

बारिश से और बढ़ सकती है परेशानी

लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण में देरी के पीछे तारकोल की कमी और लेबर की समस्या बताई जा रही है। वहीं बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ने की आशंका है।

लोगों ने सुनाई अपनी परेशानी

हांसी निवासी राहगीर बंटी ने बताया कि उन्हें रोज इसी सड़क से गुजरना पड़ता है। सड़क टूटने के बाद से धूल की वजह से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बाइक सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, लेकिन विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा।

किसान राममेंहर का कहना है कि सड़क का मलबा इधर-उधर फैला हुआ है और उड़ती धूल खेतों तक पहुंच रही है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। कई वाहन चालक सड़क पर असंतुलित होकर चोटिल भी हो चुके हैं।

दुकानदार अनिल ने बताया कि सड़क पर उड़ रही धूल से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग और ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

विभाग ने क्या कहा?

लोक निर्माण विभाग के एसडीओ Saurabh Chauhan ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य में देरी के पीछे दो मुख्य कारण हैं। पहला तारकोल की कमी और दूसरा लेबर की उपलब्धता न होना। उन्होंने दावा किया कि विभाग की ओर से सुबह और शाम सड़क पर पानी का छिड़काव करवाया जा रहा है ताकि लोगों को धूल से राहत मिल सके।

लोगों की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हांसी-तोशाम रोड का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर पूरा कराया जाए। साथ ही जब तक काम पूरा नहीं होता, तब तक नियमित पानी का छिड़काव कर लोगों को राहत दी जाए। फिलहाल विभाग के दावों और बहानों के बीच आम जनता लगातार परेशानी झेल रही है।