रायपुर। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर मंगलवार को छत्तीसगढ़ में सामूहिक प्रार्थना का आयोजन किया गया। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों और पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से अधिक स्थानों पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक श्री दूधाधारी मठ में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के आह्वान पर आयोजित इस सामूहिक प्रार्थना में रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं के विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। लोगों ने हनुमान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर एकत्र होकर संकटमोचक हनुमान जी से कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

दूधाधारी मठ में 11 बार हुआ सामूहिक पाठ

श्री दूधाधारी मठ में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, भाजपा पदाधिकारी और नागरिक शामिल हुए। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद अग्रवाल ने अत्यंत भावुक और ओजस्वी शब्दों में कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जो पराक्रम दिखाया है, उसने हर भारतवासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। दुबई एयरलाइंस के पायलट के रूप में उन्होंने अपने अदम्य साहस से न सिर्फ विमान को बड़े आतंकी व आत्मघाती खतरे से बचाया, बल्कि 170 यात्रियों के साथ-साथ उस शहर को भी 9/11 जैसे भयावह मंजर से बचा लिया जहां वह विमान टकरा सकता था।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने और जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। मृत्युशैया पर रहकर भी हनुमान जी का स्मरण और हनुमान चालीसा का जाप करते हुए उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर विमान की सकुशल लैंडिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह केवल वीरता नहीं, बल्कि प्रभु भक्ति और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम उदाहरण है। आज भारत ही नहीं, बल्कि इजराइल के प्रधानमंत्री, अमेरिका के राष्ट्रपति, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और हमारे देश के प्रधानमंत्री जी ने भी उनके परिवार से बात कर उनके इस अदम्य साहस की सराहना की है।

उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार हमारे देश के स्वाभिमान, सम्मान और गौरव के प्रतीक हैं। आज पूरा रायपुर उनके साथ खड़ा है। संकटमोचक हनुमान जी महाराज से हम सब एक स्वर में यही प्रार्थना कर रहे हैं कि हमारे वीर पायलट जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ हों और पुनः आकाश की ऊंचाइयों में तिरंगे का मान बढ़ाएं।

रायपुर में 200 से अधिक, प्रदेश में 1000 से ज्यादा स्थानों पर पाठ

सांसद के आह्वान पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं के प्रत्येक मंडल में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों ने प्रार्थना की। वहीं पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक पाठ का आयोजन किया गया।

रायपुर में श्री दूधाधारी मठ के अलावा विभिन्न हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालु एकत्र हुए। इस दौरान कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।

फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान घायल हुए थे कैप्टन स्मित

गौरतलब है कि फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने और विमान को सुरक्षित स्थिति में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद उनके साहस की सराहना की गई और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए देशभर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, सुभाष तिवारी, मोहन एंटी, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, बद्री गुप्ता, ममता सोनू तिवारी, राम कृष्ण धीवर, हरि बल्लभ अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सालिक सिंह ठाकुर, आशीष धनगढ, बृजेश पांडे, सरिता वर्मा, चूड़ामणि निर्मलकर, जय श्री नायक, रमेश सपहा, राजेंद्र नायक, किशन व्यास, श्याम सुंदर अग्रवाल, चंद्रपाल धनगर, ममता नायक, सीमा सिंह, मनोज राजपूत, अभिषेक तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H