हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बछलौता फ्लाईओवर के पास शुक्रवार शाम एक सड़क दुर्घटना में मां और उनके चार माह के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में बाइक चला रहे पति और उनकी पांच वर्षीय बेटी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हापुड़. जिले के बाबूगढ़ थानांतर्गत बछलौता फ्लाईओवर के समीप नए हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दुखद सड़क दुर्घटना घटित हुई. बाइक सवार एक परिवार भूसे से भरी गाड़ी से बचने की कोशिश में अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मां और चार माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही जान चली गई.
हादसे में हताहत परिवार
मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र स्थित तुमरिया कला निवासी 40 वर्षीय अकरम अपनी 35 वर्षीया पत्नी शबाना, चार महीने के पुत्र अली हमजा और पांच साल की बेटी जुबिया नूर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली के जैतपुर जा रहे थे. बछलौता फ्लाईओवर के पास दुर्घटना का शिकार होने के बाद अकरम और उनकी पुत्री जुबिया नूर गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस की जांच और कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हापुड़ के पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है और दो अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, जिसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी.



