हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र से पाकिस्तान जाने की बात कहकर निकली महिला बीकानेर में पुलिस को मिली, जिसके बाद परिजन उसे घर ले आए
हापुड़। सिंभावली थाना क्षेत्र के हरौड़ा गांव से पाकिस्तान जाने की बात कहकर निकली महिला तबस्सुम राजस्थान के बीकानेर में पुलिस को मिली। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही महिला को पुलिस की सूचना के बाद उसके परिजन राजस्थान से घर लेकर लौट आए।
शनिवार दोपहर नोएडा एटीएस और अन्य खुफिया एजेंसियों की टीम सिंभावली थाने पहुंची। टीम ने महिला से करीब दो घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद अधिकारी वापस लौट गए। स्थानीय स्तर पर एलआईयू की टीम भी मामले की जांच कर रही है।
पाकिस्तान जाने की जिद
परिजनों के अनुसार, तबस्सुम पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तान जाने की बात कह रही थी। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई।
परिजनों ने स्थानीय स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसकी तलाश जारी रही।
बीकानेर में मिली महिला
बताया गया कि गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रही तबस्सुम को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने वहां भी पाकिस्तान जाने की बात कही।
पुलिस ने उससे काफी पूछताछ करने के बाद उसके बताए अनुसार दिल्ली में उसके पिता से संपर्क किया। इसके बाद दिल्ली पहुंचे पिता को पुलिस ने महिला को सौंप दिया और वह उसे लेकर दिल्ली आ गए।
परिजनों के मुताबिक, महिला के पिता गुरुवार को ही उसे दिल्ली से घर लेकर पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी खुफिया विभाग को भी दी।
एटीएस ने की पूछताछ
इसके बाद शनिवार को नोएडा एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम सिंभावली थाने पहुंची। महिला को पूछताछ के लिए बुलाकर अधिकारियों ने उसके घर से निकलने, राजस्थान पहुंचने और पाकिस्तान जाने की बात कहने के संबंध में जानकारी ली।
करीब दो घंटे तक चली पूछताछ के बाद महिला को वापस गांव भेज दिया गया। फिलहाल स्थानीय स्तर पर एलआईयू की टीम भी मामले की जांच कर रही है।


