लखनऊ. स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. शनिवार को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान की विस्तृत रणनीति तय की गई. बैठक में पार्टी ने इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया.

कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी, प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपीं. अभियान के संयोजक के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज और सह-संयोजक के रूप में नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, अनिल यादव और रजनी पांडे को जिम्मेदारी दी गई. राष्ट्रीय मंत्री अनिल के. एंटनी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अब केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बन चुका है. उन्होंने कहा कि हर घर पर तिरंगा फहराना राष्ट्र के प्रति सम्मान और नागरिकों की भागीदारी का प्रतीक है. इस वर्ष अभियान का लक्ष्य अधिक से अधिक घरों तक पहुंचना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है.

इसे भी पढ़ें : 5000 मीटर की दौड़ में गुलवीर सिंह ने किया कमाल, भारत के खाते में आया कांस्य पदक, योगी ने दी बधाई

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का स्वतंत्रता संग्राम में ऐतिहासिक योगदान रहा है. ऐसे में हर घर तिरंगा अभियान केवल ध्वज फहराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान का भी माध्यम बनेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 परिवारों को अभियान से जोड़ा जाए और युवाओं तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग किया जाए.

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अभियान का विस्तृत कार्यक्रम साझा करते हुए बताया कि 10 से 14 अगस्त तक प्रदेशभर में भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी, जबकि 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलेगा. 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्मारकों और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर विशाल तिरंगा यात्राएं आयोजित होंगी और 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर मौन जुलूस एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें : जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले के बाद UP में अलर्ट, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डों, VVIP इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

भाजपा ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए पूर्व सैनिकों, शहीद परिवारों, पुलिसकर्मियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ने की रणनीति बनाई है. पार्टी का कहना है कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है.