अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। शहर की बदहाल व्यवस्थाओं और नगर पालिका के हालिया फैसलों के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। विभिन्न समस्याओं के विरोध में कांग्रेस द्वारा एक विशाल ‘जनआक्रोश रैली’ निकाली गई, जो नारायण टॉकीज चौराहे से शुरू होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झूमाझटकी भी देखने को मिली, हालांकि बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई।

ये भी पढ़ें: बुजुर्ग के लिए ‘संजीवनी’ बनी पीएम श्री एयर एम्बुलेंस, आयुष्मान कार्ड ने बचाए लाखों रुपये, नर्मदापुरम में पहला रेस्क्यू

थाली-सीटी बजाकर जताया अनोखा विरोध

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता अपने हाथों में आटे की थाली और सीटी लेकर पहुंचे थे। उन्होंने नगर प्रशासन को जगाने के लिए प्रतीकात्मक रूप से थाली और सीटी बजाकर अनोखा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर पालिका में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है, जिसके कारण जनता पानी की किल्लत, गंदे पेयजल की आपूर्ति, लचर सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।

टैक्स बढ़ोतरी और बारिश में अतिक्रमण हटाने का विरोध

घेराव के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने नगर पालिका द्वारा नल टैक्स को 75 रुपये से सीधे बढ़ाकर 200 रुपये करने और संपत्ति कर में की गई भारी बढ़ोतरी पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने इस जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। वहीं क्षेत्रीय विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने भी मोर्चा संभालते हुए कहा कि इस कड़कड़ाती बारिश के मौसम में नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को तुरंत रोका जाना चाहिए क्योंकि इससे गरीब बेघर हो रहे हैं।

सीएमओ को सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने शहर के विकास और जनहित से जुड़ी 16 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) रोशन सिंह गौतम को सौंपा। इस ज्ञापन में प्रमुख रूप से बढ़े हुए नल टैक्स और संपत्ति कर को वापस लेने, अवैध कॉलोनियों को वैध करने, पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, और पट्टा वितरण की प्रक्रिया को दुरुस्त करने की मांग की गई है।

ये भी पढ़ें: मैहर जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: लाठी डंडे से भिड़े दो पक्ष 14 गंभीर घायल, घायलों को नहीं मिला बेड

कांग्रेस नेताओं ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि इन 16 सूत्रीय मांगों पर जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m