अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के रहटगांव स्थित शासकीय एकीकृत एल.एन. पालीवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है। लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्कूल भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि भवन को शिक्षा विभाग को हैंडओवर हुए अभी महज तीन से चार साल ही बीते हैं। इतनी कम अवधि में नई इमारत की दीवारों में दरारें आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता गहराई हुई है।
2018 में हुआ था भूमिपूजन, 2021-22 में हैंडओवर हुआ था नया भवन
रहटगांव के इस शासकीय विद्यालय भवन का भूमिपूजन वर्ष 2018 में तत्कालिक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया था। इसके बाद वर्ष 2021-22 में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह भवन स्कूल प्रबंधन को हैंडओवर किया गया था। नए और आधुनिक भवन के बनने से विद्यार्थियों और पालकों को बेहतर व सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद थी, लेकिन महज चार साल के भीतर ही इमारत के अंदर और बाहर कई स्थानों पर गहरी दरारें दिखाई देने लगी हैं।
प्राचार्य बोले- वरिष्ठ अधिकारियों को कराया जाएगा अवगत
कैमरे में कैद हुई तस्वीरों में स्कूल भवन की अंदरूनी और बाहरी दीवारों पर दरारें साफ तौर पर नजर आ रही हैं। इतनी बड़ी लागत से बनी सरकारी इमारत का कुछ ही वर्षों में जर्जर होने लगना घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल की ओर इशारा कर रहा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विद्यालय के प्राचार्य मनोज विंस ने बताया कि भवन की दीवारों में आई दरारों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है और जल्द ही संबंधित विभाग द्वारा इनकी मरम्मत कराने की बात कही गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

