हरदोई में भाजपा जिला कार्यालय पर जिला प्रभारी कमलेश मिश्र और जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की मौजूदगी में संगठनात्मक बैठकें हुईं. मंडल स्तर से बूथ तक संगठन को सक्रिय करने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने की रणनीति बनाई गई.

हरदोई. भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं. मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में बैठकों का दौर चला, जिसमें नए जिला प्रभारी कमलेश मिश्र ने मंडल प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रवासियों के साथ संगठन की तैयारियों की समीक्षा की.

बैठक में शक्ति केंद्रों और बूथ समितियों को सक्रिय रखने, संगठनात्मक कमियों की पहचान करने और उन्हें दूर करने पर चर्चा हुई. पार्टी पदाधिकारियों से प्रत्येक बूथ और परिवार तक सीधे संपर्क की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया.

कमलेश मिश्र ने दिए निर्देश

जिला प्रभारी कमलेश मिश्र ने कहा कि संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं. उन्होंने मंडल प्रभारियों और अध्यक्षों को शक्ति केंद्रों तथा बूथ समितियों की गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारी केवल कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. कार्यकर्ताओं को हर बूथ और प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर जनसंपर्क बढ़ाने के लिए प्रभावी योजना पर काम करना होगा.

कमलेश मिश्र ने ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी अलग बैठक की और विधानसभावार तथा क्षेत्रवार जमीनी स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया.

विपक्ष पर भी निशाना

कमलेश मिश्र ने कहा कि विपक्ष के दावों और प्रचार का जवाब तथ्य और प्रमाणित जानकारी के साथ दिया जाना चाहिए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने को कहा.

जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और लगातार जनसंपर्क से तय होती है. उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ काम करने का आह्वान किया.

कई पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सांसद जय प्रकाश रावत, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, विधायक रामपाल वर्मा, श्याम प्रकाश और विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह रानू मौजूद रहे. इसके अलावा डीसीबी अध्यक्ष अशोक सिंह, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा और सत्येंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह व प्रीतेश दीक्षित समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए.

अलका गुप्ता, आकाश शुक्ला, सौरव सिंह, महेंद्र सोनी, जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह, सह मीडिया प्रभारी परेश लोहिया, आयुष सिंह और आईटी संयोजक प्रद्युम्न मिश्रा समेत जिला और मंडल स्तर के अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे.

बैठकों के जरिए भाजपा ने हरदोई में बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करने और जनसंपर्क को बढ़ाने पर जोर दिया.