फरीदाबाद। हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान फरीदाबाद के एक युवक की अनोखी बाइक चर्चा में आ गई। युवक ने बाइक में करीब 500 हॉर्न लगवा रखे थे। भारी मॉडिफिकेशन के साथ वह कांवड़ मेले में पहुंचा था। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर बाइक का चालान किया और हॉर्न हटाकर उसे छोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान बनाए गए बाइक के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

500 हॉर्न देखकर जुट गई भीड़

कनखल थाना इंचार्ज इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, मामला 7 अगस्त का है। पुलिस कर्मचारी शंकराचार्य चौक पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अमन नाम का युवक मॉडिफाइड बाइक लेकर वहां पहुंचा। बाइक का अजीबोगरीब लुक और तेज आवाज सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी। इससे ट्रैफिक प्रभावित होने लगा। पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बाइक को रोक लिया।

जांच में सामने आया भारी मॉडिफिकेशन

पुलिस ने बाइक की जांच की तो उस पर बड़ी संख्या में हॉर्न लगे मिले। वाहन में नियमों के विपरीत कई तरह के मॉडिफिकेशन भी किए गए थे। पुलिस ने बाइक पर लगे हॉर्न गिनने शुरू किए तो उनकी संख्या करीब 500 पहुंच गई। इसके बाद बाइक को कनखल थाने ले जाया गया।

5 हजार का चालान, हॉर्न भी हटाए

पुलिस ने नियमों के उल्लंघन को लेकर बाइक का चालान किया। जानकारी के अनुसार युवक पर 5 हजार रुपये का चालान लगाया गया। पुलिस ने बाइक से सभी हॉर्न भी हटा दिए। बाइक को थाने ले जाते समय किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया था। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हरिद्वार में 2.5 करोड़ से ज्यादा कांवड़िए पहुंचे

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा 2026 के अंतिम चरण तक हरिद्वार में अब तक 2.5 करोड़ से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं। इसी दौरान 500 हॉर्न वाली यह मॉडिफाइड बाइक लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m