हरिद्वार जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक को धमकी भरे संदेश भेजने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी जेल में बंद अपनी पत्नी से पूछताछ किए जाने से नाराज था और धमकी देने के बाद तमंचा लेकर हरिद्वार पहुंचा था.
हरिद्वार. जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को धमकी भरे संदेश भेजने के मामले में सिडकुल पुलिस और सीआईयू ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल करते हुए जेल अधीक्षक को मोबाइल पर अभद्र संदेश भेजे और जान से मारने की धमकी दी थी.
पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.
शिकायत से शुरू हुई जांच
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार में मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने पुलिस को तहरीर देकर अपने मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र संदेश आने की शिकायत की थी.
शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपी की तलाश के लिए सिडकुल पुलिस के साथ सीआईयू की टीम को लगाया गया था.
सूर्यनगर में गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, सोमवार को सिडकुल थाना क्षेत्र में सूर्यनगर के पास चेकिंग चल रही थी. इसी दौरान एसओ अजय शाह के नेतृत्व में टीम ने हिमांशु चोढा को पकड़ लिया.
पुलिस ने आरोपी की पहचान हिमांशु चोढा निवासी सिविल लाइन, भारत नगर चौक, लुधियाना, पंजाब के रूप में बताई है. उसका वर्तमान पता आईडीपीएल, ऋषिकेश, देहरादून बताया गया है.
तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस मिला. पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया.
जेल में बंद है पत्नी
एसएसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार रोशनाबाद में बंद है. पत्नी से जेल में मुलाकात के दौरान जेल कर्मचारियों की ओर से अधिक पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी ने ही उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के लिए कहा था. पत्नी ने कथित तौर पर उसे जेल अधीक्षक का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया.
इसके बाद आरोपी लुधियाना गया और अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक के फोन पर धमकी भरे संदेश भेजे.
तमंचा लेकर हरिद्वार आया
पुलिस के अनुसार, आरोपी को सोशल मीडिया के जरिए अपने खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिली. इसके बाद वह जेल अधीक्षक को डराने के उद्देश्य से तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा.
पुलिस का कहना है कि आरोपी जिला कारागार की ओर जा रहा था. इसी दौरान सूर्यनगर के पास चेकिंग में उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
एसएसपी ने बताया कि आरोपी की पत्नी शीला के खिलाफ भी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.



