हरिद्वार में रविवार को कांवड़ मेले के दौरान पतंजलि योगपीठ और शंकराचार्य चौक पर कांवड़ियों की बाइक में आग लग गई। दोनों घटनाओं में समय रहते आग बुझा दी गई और यातायात सुचारू कराया गया।
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान रविवार को हरिद्वार में दो अलग-अलग स्थानों पर कांवड़ियों की बाइक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पहली घटना पतंजलि योगपीठ के पास हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर हुई, जबकि दूसरी घटना शंकराचार्य चौक पर सामने आई। दोनों जगह पुलिस और फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
पतंजलि के पास आग
रविवार को पतंजलि योगपीठ के नजदीक हाईवे पर कांवड़ियों की बाइक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में बाइक आग की लपटों से घिर गई और धू-धूकर जलने लगी।
बाइक पर सवार कांवड़िए समय रहते नीचे उतर गए, जिससे उनकी जान बच गई। बीच हाईवे पर बाइक में आग लगने से वहां मौजूद कांवड़ियों और राहगीरों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बढ़ेंगे जनगणना ब्लॉक, 35 हजार तक पहुंचने की तैयारी; पहले चरण में 131 गांव
आग की लपटें देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को घटनास्थल से दूर किया।
पुलिसकर्मियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई, हालांकि आग लगने से बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
शंकराचार्य चौक पर दूसरी घटना
रविवार दोपहर शंकराचार्य चौक पर भी कांवड़िए की बाइक में आग लग गई। वह गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार आ रहा था और उस समय चौक पर कांवड़ियों की भारी भीड़ मौजूद थी।
सड़क के बीच बाइक में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाइक से तेज लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: समाज सेवा को संस्थागत रूप देने पर जोर, क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट लॉन्च
चौक पर तैनात पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस तथा फायरकर्मियों ने मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग बुझा दी।
समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों घटनाओं में समय रहते आग बुझा ली गई और यातायात को सुचारू करा दिया गया।


