मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक के दौरान हरिद्वार कुंभ 2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया. लोगो के लिए हरिद्वार निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया है, जबकि कुंभ गीत की रचना, गायन और संगीत राघव राजा ने तैयार किया है.
हरिद्वार. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट बैठक के दौरान हरिद्वार कुंभ 2027 के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और थीम सॉन्ग का लोकार्पण किया. सरकार का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए कुंभ की धार्मिक पहचान को देश-विदेश के श्रद्धालुओं तक पहुंचाना है.
मधु शर्मा के डिजाइन पर मुहर
हरिद्वार कुंभ 2027 का लोगो तैयार करने के लिए मेला प्रशासन ने युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे. प्राप्त सैकड़ों आवेदनों में से हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को आधिकारिक लोगो के लिए चुना गया.
लोगो में मां गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय को दर्शाया गया है. इसके अलावा शिव प्रतिमा, साधु-संत, त्रिशूल, डमरू और मनसा देवी व चंडी देवी की पहाड़ियों को भी इसमें जगह दी गई है. इन प्रतीकों के माध्यम से हरिद्वार की धार्मिक महत्ता और सनातन परंपरा को प्रदर्शित किया गया है.
वेबसाइट पर मिलेगी जानकारी
कुंभ मेले से जुड़ी सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in लॉन्च की गई है. इसके माध्यम से देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालु आयोजन से संबंधित जानकारियां डिजिटल रूप में प्राप्त कर सकेंगे.

सरकार की इस पहल का उद्देश्य कुंभ से जुड़ी सूचनाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाना और आयोजन के बारे में व्यापक स्तर पर जानकारी उपलब्ध कराना है.
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत
कार्यक्रम के दौरान कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी लोकार्पण किया गया. गीत की शुरुआती पंक्तियां हैं, ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’.
इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी राघव राजा ने किया है. इसके जरिए कुंभ के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है.
कुंभ को भव्य बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार हरिद्वार कुंभ को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कुंभ को भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और सनातन संस्कृति का विराट उत्सव बताते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की धार्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का अवसर भी है.
धामी ने कहा, “हरिद्वार कुंभ मेले की सभी तैयारियां चल रही हैं. सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गईं हैं. कुंभ हमारी आस्था का विषय है, पूरी दुनिया के लोग कुंभ आते है, इसलिए अच्छे इंतजाम करना सरकार की जिम्मेदारी है.”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा, “सभी धार्मिक, व्यापारी और समाजसेवी संस्थाओं को साथ लेकर, साधु संतों का आशीर्वाद लेकर भव्य और दिव्य कुंभ मेले का आयोजन कराया जाएगा. आज कुंभ मेले का लोगो और सॉन्ग लॉन्च कर दिया गया है, जो जल्द ही सबके संज्ञान में आएंगे.”
सरकार के मुताबिक, लोगो, वेबसाइट और आधिकारिक गीत की शुरुआत कुंभ की तैयारियों को जनसामान्य तक पहुंचाने और आयोजन की पहचान को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

