हरिद्वार के दूधियाबंद बस्ती के पास मिले बिजनौर निवासी गोपाल कुमार के शव की पहचान के बाद पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार महिला के पति ने पत्नी, उसके भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी.
हरिद्वार. नगर कोतवाली क्षेत्र में 17 सितंबर को दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की पहचान बिजनौर निवासी गोपाल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले की जांच के बाद एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, गोपाल कुमार का एक महिला से संबंध था. आरोप है कि वह महिला पर अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा था.
शव से शुरू हुई पड़ताल
17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी. मौके से बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला, लेकिन मृतक की पहचान बताने वाला कोई दस्तावेज नहीं मिला.
पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में शव की तस्वीर और अन्य जानकारी भेजी. 20 सितंबर को हरिद्वार पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान 50 वर्षीय गोपाल कुमार के तौर पर की. वह बिजनौर के आबकारी चौकी के पास नई बस्ती के रहने वाले थे.
इसके बाद गोपाल के बेटे आशु कुमार ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई. मामले की जांच के लिए पुलिस और सीआईयू की अलग-अलग टीमें बनाई गईं.
इलाज के दौरान हुई पहचान
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि महिला का पति इसी साल फेफड़ों में पानी भरने की बीमारी के चलते मेरठ के एक अस्पताल में उपचार करा रहा था. इसी दौरान महिला की गोपाल से पहचान हुई.
पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बन गए. गोपाल महिला की आर्थिक मदद भी करने लगा था. आरोप है कि कुछ समय बाद उसने महिला पर अपना परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाना शुरू कर दिया.
महिला अपने बच्चों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी. रक्षाबंधन के दौरान वह बिजनौर में गोपाल से मिलने पहुंची थी, जहां उसके पति ने दोनों को पकड़ लिया था. आरोप है कि उस दौरान गोपाल ने महिला के पति के साथ मारपीट की थी.
मिलने के बहाने बुलाया
पुलिस का कहना है कि गोपाल लगातार महिला से फोन पर संपर्क कर उसे अपने साथ आने के लिए दबाव डाल रहा था. आरोप है कि वह धमकी देने के साथ अश्लील वीडियो वायरल करने की बात भी कहता था.
परेशान महिला ने यह जानकारी अपने पति को दी. उसने पति को यह भी बताया कि गोपाल आपराधिक प्रवृत्ति का है और पहले कई बार जेल जा चुका है. पुलिस के मुताबिक, गोपाल पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था.
इसके बाद महिला के पति ने अपनी पत्नी, उसके भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की योजना बनाई. पुलिस के अनुसार, हत्या में साथ देने वाले गांव के व्यक्ति को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी.
गंगा घाट पर वारदात
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को हरिद्वार मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद वह उसे दूधियाबंद के पास गंगा घाट पर ले गई.
वहां गोपाल ने शराब पी और खाना खाया. बाद में जब वह गंगा घाट पर सो गया तो पहले से वहां मौजूद पति और उसके साथियों ने चापड़ और छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी.
वारदात के बाद आरोपियों ने गोपाल का मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद कर लिया है.
मोतीचूर स्टेशन से गिरफ्तारी
एसएसपी के अनुसार, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की. सोमवार को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से बिजनौर निवासी आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस के मुताबिक, महिला का भाई और गांव का एक अन्य व्यक्ति भी वारदात में शामिल थे. दोनों अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं.
हत्याकांड के खुलासे के दौरान एसपी क्राइम निशा यादव, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी भी मौजूद रहे.



