हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में 13 वर्षीय तन्नू की हत्या का आरोप उसकी मां ने पति धनेश्वर और उसके दोस्त आशीष पर लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

हरिद्वार. मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट गांव में 13 वर्षीय किशोरी की हत्या का आरोप उसके पिता और पिता के दोस्त पर लगा है. किशोरी की मां रीटा ने पुलिस को दी शिकायत में पति धनेश्वर उर्फ तोता और उसके दोस्त आशीष उर्फ घोल्ला पर बेटी को जबरन घर से ले जाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बेटी पर था शक

रीटा के मुताबिक उसकी सबसे छोटी बेटी तन्नू करीब डेढ़ महीने तक अपने मामा के यहां ग्राम कल्लरपुर कछौली, जिला मुजफ्फरनगर में रही थी. इसके बाद वह वापस घर आई. महिला का आरोप है कि घर लौटने के बाद उसके पति को शक था कि तन्नू किसी लड़के से बातचीत करती है.

शिकायत के अनुसार 16 अगस्त को तन्नू ने अपने पिता के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर अपनी फोटो अपलोड की थी. महिला का आरोप है कि इसी बात को लेकर उसका पति नाराज था.

रात में घर पहुंचे दोनों

रीटा ने बताया कि 16 अगस्त की शाम उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता और उसका दोस्त आशीष घर पहुंचे थे. दोनों ने शराब पी. रात में नशा कम होने के बाद धनेश्वर ने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर बेटी की फोटो देखी और कथित तौर पर गुस्सा हो गया.

महिला के अनुसार अगले दिन सुबह करीब चार बजे धनेश्वर और आशीष जबरदस्ती तन्नू को घर से बाहर ले जाने लगे. आवाज सुनकर रीटा और उसकी बेटी राधिका जाग गईं. दोनों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और तन्नू को बाइक से जबरन ले जाया गया.

हत्या की धमकी का आरोप

रीटा के मुताबिक बेटी को ले जाते समय उसके पति ने कहा कि उसने परिवार को बदनाम कर दिया है और उसे जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा. करीब एक घंटे बाद दोनों वापस लौटे.

महिला का आरोप है कि बेटी के बारे में पूछने पर पति ने कहा कि उसने बदनाम किया था, इसलिए उसे मार दिया. इसके साथ ही तमंचा दिखाकर धमकी दी गई कि यदि इस बारे में किसी को बताया तो जान से मार दिया जाएगा.

रीटा ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. महिला ने बताया कि इसी वजह से वह डरी हुई है और उसकी बेटी के बारे में कोई जानकारी नहीं है.

मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.