भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने रविवार को लखनऊ में सपा पर परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के साथ खड़ी होगी और 2027 में फिर भाजपा की सरकार बनेगी.

सतीश सिंह, लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और वर्तमान उत्तर प्रदेश में जमीन-आसमान का अंतर है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जो कहती है, वह करती नहीं है और प्रदेश की जनता जानती है कि यह मूल रूप से परिवार केंद्रित पार्टी है.

उन्होंने कहा कि चुनाव के समय समाजवादी पार्टी चाहे जितने बड़े-बड़े दावे कर ले, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसकी चिंता एक परिवार और उसके आसपास के लोगों तक सीमित हो जाती है.

लखनऊ में स्वागत

राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद पहली बार रविवार को लखनऊ पहुंचे हरीश द्विवेदी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति का इससे बड़ा उदाहरण क्या होगा कि एक ही परिवार के कई सदस्य सांसद और राजनीतिक पदों पर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को जनता को बताना चाहिए कि उसने आम गरीब, किसान, नौजवान और पिछड़े वर्ग के विकास के लिए क्या किया.

पीडीए पर सवाल

हरीश द्विवेदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय समाजवादी पार्टी ने पीडीए का नारा दिया था, लेकिन अब उसी पीडीए की परिभाषा भी बदलती दिखाई दे रही है. कभी पीडीए का एक अर्थ बताया जाता है और समय के साथ उसकी व्याख्या बदल जाती है.

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि स्वयं अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के नेता पीडीए को लेकर भ्रमित हैं.” उनके मुताबिक, समय-समय पर इसकी परिभाषा बदलती रहती है और उत्तर प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि यह जनता को भ्रमित करने तथा चुनावी लाभ लेने का प्रयास है.

2027 में भाजपा सरकार

हरीश द्विवेदी ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का संगठन, सभी नेता, कार्यकर्ता और प्रदेश का आम जनमानस पूरी ताकत के साथ भाजपा के साथ खड़ा होगा. उन्होंने दावा किया कि 2027 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी.

भारत की तरक्की पर बयान

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि देश में एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जिसे भारत का लगातार आगे बढ़ना और मजबूत होना अच्छा नहीं लगता. उन्होंने कहा कि देश के भीतर ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी ऐसे अनेक लोग हैं जो भारत को ताकतवर और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में नहीं देखना चाहते.

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत विरोधी सोच रखने वाले लोगों की ओर से देश को कमजोर करने और समाज में भ्रम, नकारात्मकता तथा गलत धारणाएं फैलाने के प्रयास किए जा रहे हैं. अलग-अलग माध्यमों से समाज को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है.

हरीश द्विवेदी ने कहा कि भारत की जनता और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इन साजिशों और प्रयासों को भली-भांति समझता है. उनके अनुसार, देश की जनता जागरूक है और जानती है कि भारत को मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए किस नेतृत्व की आवश्यकता है.

विकास और सुशासन

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले लगभग दस वर्षों में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास हुआ है, कानून-व्यवस्था मजबूत की गई है और गुंडाराज समाप्त किया गया है. उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश की जनता के सामने है.

हरीश द्विवेदी ने कहा कि परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को पीछे छोड़कर उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ा है. उन्होंने कहा कि 2027 में फिर भाजपा सरकार बनाना उनका संकल्प है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत कर उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा.

2012-17 का जिक्र

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता सब जानती है और हर व्यक्ति को समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हत्या, बलात्कार तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति याद है. उनके मुताबिक, उस समय एक परिवार विशेष का प्रभाव शासन और प्रशासन पर दिखाई देता था.

हरीश द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता वर्ष 2012 से 2017 के उस दौर को भूली नहीं है. इसी स्थिति को देखते हुए वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार उत्तर प्रदेश में बनी.

संजय निषाद पर जवाब

हरीश द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को अब महसूस हो रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा को जो कुछ सीटों का नुकसान हुआ, उससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जितनी मजबूती मिलनी चाहिए थी, उसमें कुछ कमी जरूर आई.

संजय निषाद की नाराजगी और मंत्रिमंडल में हिस्सेदारी की मांग को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस समय उनकी मांग के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर संजय निषाद गठबंधन के सहयोगी हैं और निश्चित रूप से अपनी बात रखेंगे.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस विषय पर संजय निषाद से चर्चा करेंगे और बातचीत के माध्यम से जो भी उचित रास्ता होगा, वह निकाला जाएगा.