कुंदन कुमार, पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी अपने नए दायित्व के बाद पहली बार पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर बिहार में उनके प्रथम आगमन का जोरदार अभिनंदन किया।
संजय सरावगी और दिलीप जायसवाल रहे मौजूद
हरीश द्विवेदी के पटना आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए बिहार बीजेपी के कई प्रमुख नेता हवाई अड्डे पर उपस्थित रहे। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने स्वयं उनकी अगवानी की। इस दौरान पार्टी के अन्य विधायक, विधान पार्षद और प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। नेताओं ने हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार में संगठन को नई मजबूती और दिशा मिलेगी।
हवाई अड्डे से लेकर प्रदेश कार्यालय तक उत्साह का माहौल
स्वागत कार्यक्रम के दौरान पटना हवाई अड्डे से लेकर बीजेपी प्रदेश कार्यालय के मार्ग तक कार्यकर्ताओं का जबरदस्त हुजूम देखने को मिला। बैनर, पोस्टर और पार्टी के झंडों से पूरा परिसर पटा हुआ था। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। नवनियुक्त प्रभारी ने कार्यकर्ताओं के इस स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि कार्यकर्ताओं का यही उत्साह पार्टी की वास्तविक ताकत है।
कार्यक्रमों में होंगे शामिल
अपनी इस पटना यात्रा के दौरान हरीश द्विवेदी पूरे दिन कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे। वे बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीतियों, सांगठनिक विस्तार और राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही वे पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ संवाद कर राज्य में संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की भावी रूपरेखा तैयार करेंगे।

