पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया है. लक्सर में धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की इच्छा होने पर वे चुनाव लड़ेंगे.

लक्सर. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है. हरिद्वार से शुरू हुई धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा के लक्सर पहुंचने पर पत्रकारों ने जब उनसे चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व की इच्छा होने पर वह चुनाव जरूर लड़ेंगे.

लक्सर में हुआ स्वागत

हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा गुरुवार को हरिद्वार से शुरू होकर लक्सर पहुंची. यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. इस दौरान रावत ने कहा कि उन्होंने खुद को हमेशा कांग्रेस का अनुशासित सिपाही माना है और पार्टी के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया है.

रावत ने कांग्रेस को गरीब, किसान, मजदूर और आम लोगों के मुद्दों को समझने वाली पार्टी बताया. साथ ही उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में बदलाव की जरूरत बताई.

सरकार पर लगाए आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसान परेशान हैं, बेरोजगार युवा नौकरी की तलाश में हैं, महंगाई बढ़ी हुई है और कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है.

उन्होंने बताया कि जनसंवाद यात्रा का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनना और समझना है. उनके मुताबिक जनता की जरूरतों और सुझावों के आधार पर कांग्रेस अपना विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी.

रावत ने कहा कि यात्रा के दौरान किसानों से बातचीत में गन्ने के भुगतान में देरी, धान की फसल में नुकसान और बिजली के भारी बिल जैसी समस्याएं सामने आई हैं.

चुनाव लड़ने पर क्या बोले

2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि वह पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व चाहेगा, तो वह चुनाव लड़ेंगे.

उन्होंने कहा कि उनके लिए चुनाव लड़ने से ज्यादा महत्वपूर्ण पार्टी को मजबूत करना और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए काम करना है.

हालांकि, इससे पहले सितंबर में रावत हरिद्वार जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा सार्वजनिक रूप से जता चुके हैं. उस समय उन्होंने कहा था कि अंतिम निर्णय समय और परिस्थितियों को देखते हुए लिया जाएगा.

बूथ स्तर पर तैयारी

हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभी से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा.

यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, पूर्व विधायक, जिला पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.