नारनौल में रहने वाले क्रेशर कारोबारी हरीश शर्मा ने सल्फास खाकर जान दे दी। मरने से पहले बनाए वीडियो में उन्होंने भारी आर्थिक दबाव और 'बाऊजी' नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
महेंद्रगढ़। नारनौल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां क्रेशर कारोबारी हरीश शर्मा ने कार में सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले उसने करीब 5 मिनट 40 सेकेंड का एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने एक “बाऊजी” को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार हरीश शर्मा मूल रूप से Sikar का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से नारनौल के सेक्टर-1 में परिवार के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह क्रेशर कारोबार से जुड़ा हुआ था और राजस्थान के नीमकाथाना जिले के गौरीर दूधवा इलाके में भी उसकी साझेदारी में क्रेशर संचालित हो रहे थे। हरीश शर्मा को राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma का दूर का रिश्तेदार भी बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बीते दिन राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर गांव काठूवास के पास हरीश शर्मा ने अपनी कार में सल्फास की गोलियां खा लीं। जहर खाने से पहले उसने मोबाइल पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह बेहद परेशान दिखाई दे रहा था। उसने कहा कि उसने भारी ब्याज पर पैसे लिए थे और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी दौरान उसने एक “बाऊजी” का जिक्र करते हुए उन्हें अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।
वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद हरीश ने उसे अपने बेटे, पत्नी और कुछ परिचितों को भेज दिया। जैसे ही परिजनों ने वीडियो देखा तो परिवार में हड़कंप मच गया। तुरंत उससे संपर्क करने की कोशिश की गई और बताई गई लोकेशन पर पहुंचकर उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
पहले उसे नारनौल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए जयपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी तबीयत और बिगड़ गई। जयपुर से करीब 50 किलोमीटर पहले उसे एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए सीकर ले जाया। वहीं इस पूरे मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और आर्थिक लेनदेन के एंगल को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों और कारोबारी विवादों को भी जांच का हिस्सा बनाया जा सकता है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में कारोबारी ने इतना बड़ा कदम उठाया

