हरियाणा के कैथल जिले के रहने वाले 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के आसमान में एक अद्भुत कारनामा किया है। उन्होंने 18 हजार फीट की रिकॉर्ड ऊंचाई से स्काई डाइविंग कर उम्र की सीमाओं को पूरी तरह से झुठला दिया है।

कैथल। उम्र महज एक संख्या है, यह बात हरियाणा के कैथल जिले के बात्ता गांव के 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने सच साबित कर दिखाई है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट की ऊंचाई से स्काई डाइविंग कर ऐसा कारनामा किया है, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। इस साहसिक उपलब्धि ने उन्हें प्रदेश के सबसे प्रेरणादायक वरिष्ठ नागरिकों में शामिल कर दिया है।

चूहड़ सिंह इन दिनों अपने पोते अंकित के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। यहां उन्होंने स्काई डाइविंग जैसी रोमांचक गतिविधि में हिस्सा लेकर न केवल उम्र की सीमाओं को चुनौती दी, बल्कि यह संदेश भी दिया कि मजबूत इरादों के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

बताया जा रहा है कि चूहड़ सिंह अपने पोते के साथ करीब दो महीने तक ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न शहरों और पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कर रहे हैं। इस दौरान वे वहां की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और एडवेंचर गतिविधियों का अनुभव ले रहे हैं।

चूहड़ सिंह की इस उपलब्धि पर गांव बात्ता सहित पूरे कैथल जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोग और परिजन इसे प्रदेश के लिए गर्व की बात बता रहे हैं। उनकी यह साहसिक छलांग युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी प्रेरणा बन गई है कि जीवन में उत्साह और आत्मविश्वास बनाए रखा जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।