Haryana Accident : यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के जगाधरी में शनिवार शाम एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पांवटा नेशनल हाईवे पर रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक्टिवा सवार दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में महिला का डेढ़ साल का बेटा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

सरस्वती स्कूल के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गांव सुंघ निवासी मुर्शिदा शनिवार शाम अपनी एक्टिवा से तीन बच्चों के साथ जा रही थीं। जब वे जगाधरी में सरस्वती स्कूल के सामने पुरानी लकड़ मंडी कट के पास पहुंचीं, तभी रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार वर्षीय अरहम और उसकी 16 वर्षीय बहन रानी उर्फ महक सड़क पर गिरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहियों की चपेट में आ गए। दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मुर्शिदा को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका डेढ़ वर्षीय बेटा सिफान सुरक्षित बच गया।

मां की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की सूचना मिलने पर थाना शहर जगाधरी और बुडिया गेट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह भी जांच का विषय है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही।

एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में मां के गंभीर रूप से घायल होने और सबसे छोटे बच्चे के सुरक्षित बचने की घटना ने पूरे मामले को और भी दुखद बना दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m