चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के आखिरी दिन मंगलवार को सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मुद्दे पर सदन में हंगामा हो गया। प्रश्नकाल के दौरान मंत्री विपुल गोयल सफाई कर्मचारियों और पटवारियों की हड़ताल पर सरकार का पक्ष रख रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया। मंत्री कृष्ण बेदी के बयान पर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि विपक्ष को धमकी दी जा रही है।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर भिड़े पक्ष

मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कांग्रेस विधायक उन्हें बोलने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ छह बार बातचीत कर चुकी है। कुछ मामले अदालत में लंबित हैं।

इसी दौरान कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक फोन पर बात करने लगीं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने उन्हें फटकार लगाई। उन्होंने कहा, “आप चार बार की विधायक हैं।”

इसके बाद मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस विधायकों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें सफाई कर्मचारियों से हमदर्दी नहीं है और वे प्रदेश का वातावरण खराब कर रहे हैं। बेदी ने यह भी कहा, “ये लोग राजनीतिक करना चाहते हैं, इन्हें मैं छोड़ूंगा नहीं।”

बेदी के इस बयान के बाद कांग्रेस विधायकों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा, “बेदी ने कहा कि तुम्हें छोड़ूंगा नहीं। ये हमें धमकी दे रहे हैं।”

पूजा चौधरी बोलीं- जाति का नाम न बदला जाए

शून्यकाल में मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने जाति के नाम को लेकर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि वे संत रविदास को मानने वाले लोग हैं और उनकी जाति का नाम बदलकर मेघवाल न किया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी ऐसी कोई मांग नहीं है।

इस पर मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ऐसा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस बात से मना कर चुके हैं।

हिसार को राजधानी और हाईकोर्ट बनाने की मांग

कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने उकलाना विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ गांवों की तहसील खेड़ी चौपटा लगती है। इन चार गांवों को उनकी इच्छा के अनुसार हिसार और हांसी में शामिल किया जाए।

सेलवाल ने SYL के पानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के हक में फैसला है। मुख्यमंत्री जब पंजाब जाएं तो वहां के मुख्यमंत्री से हरियाणा के हिस्से का पानी मांगा जाए।

उन्होंने हरियाणा की राजधानी और हाईकोर्ट हिसार में बनाए जाने की मांग भी रखी।

ब्रह्मसरोवर के आसपास 100 एकड़ जमीन की DPR तैयार

प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के नजदीक जमीन के विकास को लेकर सवाल किया। इस पर मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के आसपास 100 एकड़ जमीन के विकास के लिए DPR तैयार हो गई है। उन्होंने कहा कि जल्द इस पर काम शुरू होगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के आसपास सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। कुछ कामों के टेंडर हो चुके हैं। गीता द्वार पर भी काम जारी है।

मुख्यमंत्री ने रेलवे एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन होने और शहर को छह रेलवे फाटकों से मुक्त किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ये काम तेजी से हुए हैं, लेकिन इनकी प्रशंसा नहीं की गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m