हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी कम्पार्टमेंट परीक्षाओं को शांतिपूर्वक कराने के लिए करनाल प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ। आनंद कुमार शर्मा ने सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू कर फोटोस्टेट दुकानें बंद रखने का आदेश दिया है।

सुमन चौहान, करनाल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी (कम्पार्टमेंट, अतिरिक्त) कक्षा की आगामी परीक्षाओं को पूरी तरह सुचारु, नकल रहित व शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डॉ। आनंद कुमार शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत कड़े प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। प्रशासन की ओर से की गई यह त्वरित व्यवस्था छात्रों के भविष्य को सुरक्षित रखने और परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी कदम है। इन जारी आदेशों के अनुसार जिले में बनाए गए तमाम परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सख्त सुरक्षा घेरा लागू रहेगा।

घातक हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध

इन सरकारी आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास 5 या इससे अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही लाठी, तलवार, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, गंडासा व चाकू जैसे किसी भी प्रकार के घातक हथियार या आग्रेयास्त्र लेकर चलने पर पूरी रोक रहेगी। इसके अलावा परीक्षा समय यानी दोपहर बाद डेढ़ से शाम 5 बजे तक केंद्रों के पास की सभी फोटोस्टेट की दुकानें भी अनिवार्य रूप से बंद रखने के कड़े आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों, ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारियों तथा धार्मिक प्रतीक के रूप में पवित्र कृपाण का उपयोग करने वाले नागरिकों पर कतई लागू नहीं होंगे।

कानून तोड़ने वालों पर होगी जेल

यदि कोई भी असमाजिक तत्व या व्यक्ति इन प्रशासनिक आदेशों के उल्लंघन का दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत अत्यंत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस अधीक्षक को इन जारी निर्देशों की पालना जमीनी स्तर पर मुस्तैदी से सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की यह महत्वपूर्ण कम्पार्टमेंट तथा अतिरिक्त विषयों की परीक्षाएं आगामी 10 जुलाई से लेकर 18 जुलाई तक विभिन्न केंद्रों पर योजनाबद्ध तरीके से आयोजित की जाएंगी जिसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।