भिवानी। भिवानी में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने प्रधानमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण अभियान से प्रेरित होकर एक प्रेरणादायक पहल की शुरुआत की है। उन्होंने निजी वाहन का उपयोग छोड़कर पैदल ही बोर्ड परिसर पहुंचकर कर्मचारियों और अधिकारियों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर कई अधिकारी और कर्मचारी भी अपने वाहनों को दूर खड़ा कर पैदल चलते हुए बोर्ड परिसर पहुंचे। इस पहल से पूरे परिसर में सकारात्मक माहौल देखने को मिला और कर्मचारियों ने इसे एक प्रेरक कदम बताया।

चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में डीजल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती खपत के साथ वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन बचत बेहद जरूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर देशहित में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर बोर्ड ने सप्ताह में दो दिन ऐसे निर्धारित किए हैं, जिन दिनों परिसर में निजी वाहनों का प्रयोग नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों में वैकल्पिक परिवहन साधनों और पैदल चलने की आदत को बढ़ावा देना है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि यदि लोग कम दूरी के लिए पैदल चलना या साइकिल का उपयोग करना शुरू करें तो इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण में कमी आएगी और स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा।

उन्होंने बोर्ड परिसर में आने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक निजी वाहनों का उपयोग कम करें और सार्वजनिक परिवहन या पैदल चलने की आदत अपनाएं। इस पहल को बोर्ड कर्मचारियों ने सराहनीय बताते हुए पूर्ण समर्थन दिया।