भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी की द्वितीय वार्षिक परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। प्रदेश भर में 10वीं और 12वीं की ये परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू होंगी। बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाओं का समय दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा।
अंक सुधार के लिए परीक्षार्थियों को मिला मौका
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत उन नियमित परीक्षार्थियों को अंक सुधार का सुनहरा अवसर दिया गया है, जो फरवरी-मार्च 2026 की वार्षिक परीक्षा के परिणामों से संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे इच्छुक परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय को छोड़कर अधिकतम किन्हीं भी तीन विषयों की दोबारा परीक्षा देने के लिए स्वयंपाठी के तौर पर आवेदन कर चुके हैं।
1 मई तक चलेंगी परीक्षाएं
बोर्ड अध्यक्ष के अनुसार, सीनियर सेकेंडरी (नियमित व मुक्त विद्यालय) की परीक्षाएं 21 अप्रैल से शुरू होकर 1 मई तक चलेंगी। वहीं, सेकेंडरी (नियमित व मुक्त विद्यालय) की परीक्षाओं का आयोजन 21 अप्रैल से 28 अप्रैल तक किया जाएगा। इसके साथ ही गुरुकुल और विद्यापीठ की पूर्व मध्यमा व उत्तर मध्यमा परीक्षाएं भी इसी अवधि में संपन्न कराई जाएंगी।
जल्द जारी होंगे प्रवेश पत्र
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों की विस्तृत जानकारी परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड पर उपलब्ध होगी, जिन्हें शीघ्र ही आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी और दिशा-निर्देशों के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित अवलोकन करते रहें।

