Haryana Cabinet Meeting : चंडीगढ़। हरियाणा में आज यानी 3 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की अहम बैठक होगी। सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में होने वाली इस बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य सचिव की ओर से बैठक की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

बैठक ऐसे समय हो रही है, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में कैबिनेट के फैसलों और सरकार की आगामी योजनाओं पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, अभी तक बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

गुजरात से मिले निवेश प्रस्तावों पर बन सकती है रणनीति

बैठक में गुजरात दौरे के दौरान मिले करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें सेमीकंडक्टर, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

सरकार इन प्रस्तावों को केवल घोषणाओं तक सीमित रखने के बजाय जमीन पर उतारने की तैयारी कर सकती है। इसके लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपने और आगे की कार्ययोजना बनाने पर विचार हो सकता है।

रोडवेज हड़ताल और कर्मचारियों के DA पर भी नजर

कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रह सकते हैं। रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को लेकर सरकार की ओर से आगे की रणनीति पर विचार किया जा सकता है।

इसके अलावा राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग भी बैठक के संभावित मुद्दों में शामिल बताई जा रही है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला होगा या नहीं, यह बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

विकास कार्यों और नई योजनाओं पर भी हो सकती चर्चा

बैठक में अलग-अलग विभागों के विकास कार्यों, प्रशासनिक फैसलों और जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार किया जा सकता है। कुछ प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है, लेकिन आधिकारिक एजेंडा जारी नहीं होने के कारण फैसलों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

अब सबकी नजर सुबह 11 बजे होने वाली इस बैठक पर है। बैठक के बाद सरकार के फैसलों और प्रस्तावों की जानकारी सामने आएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m