कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़ : सिंगापुर दौरे पर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की एक तस्वीर ने इस दौरे को खास बना दिया। दोनों मुख्यमंत्री एक ही कार में साथ सफर करते नजर आए। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच दोनों राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर बातचीत भी हुई।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने उद्योग और निवेश के साथ-साथ तकनीक, कृषि, कौशल विकास समेत दूसरे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर चर्चा की। दोनों नेताओं का मानना रहा कि आपसी सहयोग को बढ़ाकर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं।
इसी दौरे के दौरान सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने हरियाणा में निवेश के अवसर रखे। उन्होंने राज्य की निवेश अनुकूल नीतियों, औद्योगिक क्षमता और विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की जानकारी देते हुए सिंगापुर के निवेशकों को हरियाणा में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सिंगापुर में भारत के राजदूत डॉ. शिल्पक अंबुले भी मौजूद रहे। बैठक में विनिर्माण (Manufacturing), तकनीक (Technology), लॉजिस्टिक्स (Logistics), ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा हुई।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में ऐसे संवाद महत्वपूर्ण हैं। वहीं, विष्णु देव साय ने भी छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को सामने रखा।
सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात और साथ सफर की तस्वीर ने हरियाणा और छत्तीसगढ़ के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं को भी सामने रखा। दोनों राज्यों के बीच उद्योग, निवेश, तकनीक, कृषि और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में आगे सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

