कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा की सियासत में आज एक बड़ा धमाका होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के मौजूदा कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने चौतरफा घेराबंदी की पूरी तैयारी कर ली है। कांग्रेस आज प्रदेश के 13 बड़े शहरों में एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के खिलाफ आर-पार की जंग का ऐलान करने जा रही है। पार्टी का साफ कहना है कि वह जनता के हक के लिए सरकार से उनके दो सालों के कामकाज का पूरा हिसाब मांगेगी।

दिग्गज संभालेंगे मोर्चा, ‘त्रिमूर्ति’ करेगी वार

इस सियासी महासंग्राम को धार देने के लिए कांग्रेस ने अपने सबसे बड़े चेहरों को मैदान में उतार दिया है। प्रदेश के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग जिलों में कमान संभालेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रभारी संजय दत्त की देखरेख में इस पूरे अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है, ताकि हर शहर में सरकार को मजबूती से घेरा जा सके।

इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी:

कांग्रेस ने इस बार केवल जुबानी हमले नहीं, बल्कि आंकड़ों के साथ सरकार को कटघरे में खड़ा करने की रणनीति बनाई है। मुख्य रूप से इन तीन बड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा:

  • महंगाई और बेरोजगारी: युवाओं को रोजगार न मिलने और आसमान छूती महंगाई को मुख्य मुद्दा बनाया जाएगा।
  • कानून-व्यवस्था: प्रदेश में बिगड़ती सुरक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस सरकार से सीधे जवाब मांगेगी।
  • किसान और महिलाएं: समाज के इन दोनों वर्गों की समस्याओं और उनकी अनदेखी को लेकर भी तीखे सवाल दागे जाएंगे।

  • नारों से सजेगा सियासी मंच

कांग्रेस केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित नहीं रहने वाली, बल्कि उसने सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक माहौल गरमाने के लिए आक्रामक नारे भी तैयार किए हैं। पार्टी ‘2 साल का हिसाब दो, भाजपा सरकार जवाब दो!’ और ‘तीसरे कार्यकाल का दूसरा साल, हरियाणा बेहाल’ जैसे नारों के साथ जनता के बीच जा रही है। आज होने जा रही इन ताबड़तोड़ प्रेस कॉन्फ्रेसों से साफ है कि हरियाणा की राजनीति में आने वाले दिन बेहद गरमाने वाले हैं।