चंडीगढ़: केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने इसे देशभर के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की बड़ी जीत बताया है। कांग्रेस महासचिव एवं सिरसा सांसद कुमारी शैलजा और राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अलग-अलग बयान जारी कर सरकार पर निशाना साधा और आंदोलनरत छात्रों को बधाई दी।
आंदोलनरत सभी छात्रों को दी बधाई
कुमारी शैलजा ने कहा कि “शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। आंदोलनरत सभी छात्रों को बधाई। यह आपकी जीत है, यह भारत के लोकतंत्र की जीत है।”
उन्होंने कहा कि जब-जब युवाओं के साथ अन्याय होगा, राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
देश के लाखों युवाओं और छात्रों के संघर्ष की पहली बड़ी जीत
वहीं, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसे केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि देश के लाखों युवाओं और छात्रों के संघर्ष की पहली बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि जो सरकार अब तक युवाओं की आवाज़ को अनसुना कर रही थी, उसे आखिरकार झुकना पड़ा।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि “लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक पूरी शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होता और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
दोनों नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज़ लोकतंत्र की ताकत
दोनों नेताओं ने कहा कि छात्रों की आवाज़ लोकतंत्र की ताकत है और कांग्रेस भविष्य में भी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


