पंचकूला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के दौरान महेंद्रगढ़ के कपिल की मौत पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने सीएम नायब सैनी को पत्र लिखकर जांच और मुआवजे की मांग की है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंचकूला में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान महेंद्रगढ़ जिले के गांव सैदपुर (अटेली) निवासी 27 वर्षीय युवक कपिल की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
राव नरेंद्र सिंह ने अपने पत्र में कहा कि भर्ती परीक्षा के दौरान हुई यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार हजारों युवाओं को भीषण गर्मी में शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाती है तो उनकी सुरक्षा, पर्याप्त एंबुलेंस, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ, जीवनरक्षक उपकरण, प्राथमिक उपचार केंद्र, शीतल पेयजल और प्रभावी आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि इन व्यवस्थाओं में किसी स्तर पर कमी रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मृतक कपिल की पत्नी को उनकी योग्यता के अनुसार हरियाणा सरकार में सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही गर्भवती पत्नी और तीन वर्षीय पुत्री के भविष्य को देखते हुए परिवार को सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा और दीर्घकालिक आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए अनिवार्य हेल्थ एंड सेफ्टी प्रोटोकॉल लागू किए जाएं, ताकि पर्याप्त मेडिकल टीम, एंबुलेंस, जीवनरक्षक उपकरण, पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित हों और ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और न्यायपूर्ण निर्णय लेकर पीड़ित परिवार को राहत देगी तथा भविष्य में भर्ती प्रक्रियाओं को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

