गुरुग्राम। गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर थाना क्षेत्र के बासकुसला स्थित एक पीजी में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को सड़ी-गली हालत में बरामद किया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार, मृतक अंकित नारनौल के खामपुर गांव का रहने वाला था और एमबीबीएस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह जनवरी से बासकुसला स्थित श्रीकृष्ण पीजी में किराये पर रह रहा था।
बदबू आने पर खुला मामला
बुधवार शाम पीजी संचालक को कमरे से तेज बदबू आई, जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर युवक का शव पंखे से लटका मिला। उसने बेड पर बाल्टी रखकर फंदा लगाया था।
चार-पांच दिन पुराना शव होने की आशंका
शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि आत्महत्या 4-5 दिन पहले की गई होगी। पुलिस ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से मौके का निरीक्षण कराया।
परिजनों से कम रखता था संपर्क
मृत युवक के मामा सूबे सिंह ने बताया कि एमबीबीएस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह परिवार वालों से भी ज्यादा बातचीत नहीं करता था। भाई अश्विनी ने बताया कि 15 अप्रैल को घर पर व्हाट्सएप पर मैसेज पर ही अंकित से बातचीत हुई थी। उसके बाद कोई बात नहीं हुई। उन्होंने कई बार कॉल करते थे तो मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था या फिर कॉल ट्रांसफर बताता था। वहीं, व्हाट्सएप मैजेज भी किए, लेकिन 15 अप्रैल के बाद से उनको भी नहीं देखा था।

