पंचकूला। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में संगठनात्मक बदलाव के तहत नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में भव्य समारोह के बीच औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके अलावा भाजपा हरियाणा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, सह प्रभारी सुरेन्द्र नागर, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
भाजपा की नई पारी की शुरुआत
कार्यक्रम में कार्तिकेय शर्मा, रेखा शर्मा और निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही।
भाजपा नेतृत्व का मानना है कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए उनके कार्यभार ग्रहण को भाजपा के लिए अहम माना जा रहा है।
पंचकमल परिसर में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला और पूरा कार्यक्रम भाजपा के शक्ति प्रदर्शन और संगठनात्मक एकजुटता का प्रतीक बना रहा।

