चंडीगढ़। हरियाणा की ऐतिहासिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार नई योजना पर काम कर रही है। इसके तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में मौजूद ऐतिहासिक स्मारकों और धरोहरों को जोड़कर विशेष पर्यटन सर्किट बनाया जाएगा। इस योजना में अंबाला स्थित 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के शहीदों की याद में बने स्मारक को प्रमुख स्थान दिया गया है। इसका उद्घाटन 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास कबीर कुटीर में शहीद स्मारक सोसायटी की गवर्निंग काउंसिल की पहली बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्होंने पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, बलिदान और गौरवशाली इतिहास से जुड़ी रही है। प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों को एक साथ जोड़कर लोगों को इस विरासत से परिचित कराया जाएगा।
एक साथ देख सकेंगे ऐतिहासिक स्थल
सरकार की योजना है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मौजूद ऐतिहासिक स्मारकों को पर्यटन सर्किट के माध्यम से जोड़ा जाए। इससे पर्यटक एक ही यात्रा में हरियाणा के कई ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को देख सकेंगे।
अंबाला का 1857 शहीद स्मारक इस योजना का प्रमुख केंद्र होगा। यह स्मारक विद्यार्थियों, शोधार्थियों, इतिहास में रुचि रखने वालों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनेगा। यहां आने वाले लोगों को आजादी की पहली लड़ाई से जुड़े इतिहास को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने लॉन्च की स्मारक की वेबसाइट
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 1857 शहीद स्मारक की आधिकारिक वेबसाइट भी शुरू की। इसके जरिए देश और विदेश के लोग घर बैठे स्मारक के इतिहास, गैलरियों और वहां मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी हासिल कर सकेंगे।
वेबसाइट पर उद्घाटन समारोह से जुड़े लाइव अपडेट और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्मारक के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और दूसरे संचार माध्यमों का बेहतर इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
5 नवंबर को अमित शाह करेंगे उद्घाटन
अंबाला में 1857 की प्रथम स्वतंत्रता क्रांति के शहीदों की याद में बनाए गए स्मारक का उद्घाटन 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। सरकार इस स्मारक के जरिए हरियाणा के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में प्रदेश के योगदान को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

