हरियाणा में दो दिनों तक चलने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा के पहले दिन लेवल-3 का आयोजन हुआ। बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच प्रदेश के 19 जिलों में परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रदेश भर में अध्यापक बनने के लिए आवश्यक अध्यापक पात्रता परीक्षा के प्रथम चरण का शनिवार को आयोजन करवाया गया। प्रथम चरण में परीक्षा पीजीटी लेवल-3 के लिए आयोजित करवाई गई। जिसके लिए प्रदेश के 19 जिलों में 238 परीक्षा केंद्रों पर 73 हजार 91 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 4 व 5 जुलाई दो दिनों तक आयोजित होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा के लेवल-1, 2 व 3 में कुल 2 लाख 33 हजार 294 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। आज पुलिस की चाक-चौबंध व्यवस्था के बीच परीक्षार्थी अपनी तैयारियों के साथ परीक्षा केंद्रों में पहुंचे।

मुख्य कंट्रोल रूम से निगरानी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में प्रदेश भर में आयोजित हो रही एचटेट परीक्षा को लेकर मैन कंट्रोल रूम बनाया गया, जिसका निरीक्षण करने के लिए बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीते दिन प्रदेश के 19 जिला ट्रेजरियों (खजाना कार्यालयों) में प्रश्न पत्रों व ओएमआर सीट को रैपिड एक्शन फोर्स अधिकारियों व बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में जमा करवा दिया गया था। आज इन परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाकर परीक्षा आयोजित करवाई गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे कैमरों के माध्यम से बोर्ड में स्थित मुख्य कंट्रोल रूम के माध्यम से चेक किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखने पर जिलों में बैठी परीक्षा ड्यूटी में तैनात टीम को सूचित कर परीक्षाओं में हो रही अनियमित्ताओं को रोक दिया जाएगा।
तीन लेवल की परीक्षा का गणित
उन्होंने बताया कि आज लेवल-3 की सांयकालीन पारी की परीक्षा में 73 हजार 91 परीक्षार्थी प्रदेश के 238 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे। कल सुबह की पारी में सबसे अधिक टीजीटी लेवल-2 की परीक्षा में एक लाख 19 हजार 141 परीक्षार्थी प्रदेश के 19 जिलों में 338 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा के अंतिम चरण लेवल-1 में 41 हजार 62 परीक्षार्थी 138 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद रैपिड एक्शन फोर्स, बोर्ड अधिकारियों व प्रशासन की निगरानी में ओएमआर सीट को बोर्ड मुख्यालय पर रिकॉर्ड रूम में रखा जाएगा। जिसके बाद तीन विभिन्न स्तर पर उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होकर परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे।

परीक्षार्थियों ने जताई संतुष्टि
वही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थी राजस्थान के चिडावा से आए परीक्षार्थी अशोक व भिवानी से आई परीक्षार्थी कुसुम ने बताया कि उनकी परीक्षाओं को लेकर अच्छी तैयारी है। उन्हें उम्मीद है कि अध्यापक पात्रता परीक्षा में वे उत्तीर्ण होंगे। परीक्षा केंद्र में पहुंचने के दौरान उन्हें कोई भी दिक्कत नहीं हुई। राज्य सरकार ने छात्र-छात्राओं के लिए बसों की बेहतरीन व्यवस्था कर रखी थी। परीक्षा केंद्रों पर भी चाक चौबंध व्यवस्था कर रखी है। उन्हें उम्मीद है कि परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न हो जाएगी।

