संजीव, सोनीपत। हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में 775 ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे। पहले चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में पेट्रोल पंपों पर ये कैमरे लगाए जाएंगे। इस पूरी योजना पर करीब 41 करोड़ 74 लाख रुपए खर्च होंगे। परिवहन मंत्री अनिल विज के मुताबिक, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

इन कैमरों का इस्तेमाल जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों (ELVs) की पहचान और पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा। कैमरे पेट्रोल पंपों पर लगाए जाएंगे, ताकि ऐसे वाहनों की पहचान की जा सके।

गुरुग्राम में सबसे ज्यादा 249 कैमरे

परिवहन मंत्री के अनुसार, गुरुग्राम में 249, सोनीपत में 215, झज्जर में 195 और फरीदाबाद में 116 ANPR कैमरे लगाए जाएंगे। चारों जिलों में कैमरों की कुल संख्या 775 होगी।

सरकार के मुताबिक, प्रदेश में कुल करीब 2,780 ANPR कैमरे लगाए जाने की जरूरत है। पहले चरण में एनसीआर के इन चार जिलों को शामिल किया गया है।

30 सितंबर तक कैमरे लगाने का लक्ष्य

अनिल विज ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देश के अनुसार ANPR कैमरों की स्थापना का काम 30 सितंबर 2026 तक पूरा करना है।

इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 से हरियाणा में पंजीकृत जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों को ईंधन की आपूर्ति नहीं की जानी है। सरकार का कहना है कि तय समय-सीमा में कैमरों की स्थापना पूरी करने के लिए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए तकनीक का इस्तेमाल

परिवहन मंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल कैमरे लगाना नहीं है। ANPR तकनीक के जरिए पुराने और जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों की पहचान प्रभावी तरीके से की जाएगी।

उन्होंने कहा कि एनसीआर में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए CAQM के निर्देशों की अनुपालना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार के अनुसार, ANPR तकनीक से वाहनों की पहचान की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m