Haryana Police Medal 2026 : चंडीगढ़। आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई करने वाली हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के 10 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए इनका चयन हुआ है। पुलिसकर्मियों को खुफिया जानकारी जुटाने और आतंकवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए यह सम्मान दिया जाएगा। खास बात यह है कि चयनित टीम ने पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क को ध्वस्त करने से लेकर विदेश में छिपे गैंगस्टर को भारत लाने तक की कार्रवाई में अहम योगदान दिया है।
दो श्रेणियों में चुने गए 10 पुलिसकर्मी
हरियाणा STF के जवानों का चयन इंटेलिजेंस और स्पेशल ऑपरेशन की दो अलग-अलग श्रेणियों में किया गया है।
इंटेलिजेंस श्रेणी में एसटीएफ के एसएसपी वसीम अकरम, डीएसपी प्रदीप, सब-इंस्पेक्टर वरुण और सिपाही वरुण जांगड़ा को पदक के लिए चुना गया है।
वहीं स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में डीएसपी अमन कुमार, सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह, रणदीप सिंह, कपिल, संदीप और सिपाही साजन सिंह को सम्मानित किया जाएगा।
पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में चयन के पीछे पाकिस्तान में मौजूद आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के खिलाफ चलाया गया अभियान अहम रहा। एसटीएफ ने खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कई राज्यों में फैले इस नेटवर्क की गतिविधियों का पता लगाया।
इस कार्रवाई में हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में पुलिस टीमों के बीच समन्वय बनाया गया। अभियान के दौरान कुल 24 आतंकियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ हरियाणा पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया गया है।
जॉर्जिया से गैंगस्टर वेंकट गर्ग को भारत लाने में भी अहम भूमिका
एसटीएफ की इंटेलिजेंस टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की। हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध हथियारों से जुड़े 34 गंभीर मामलों में वांछित अंबाला निवासी गैंगस्टर वेंकट गर्ग को जॉर्जिया से भारत लाने की कार्रवाई में टीम की अहम भूमिका रही।
वेंकट गर्ग को 11 जून 2026 को भारत प्रत्यर्पित किया गया था। उसके खिलाफ विदेश जाने से पहले 23 आपराधिक मामले दर्ज थे, जबकि विदेश में रहने के दौरान 11 अन्य मामले सामने आए। इस तरह कुल 34 गंभीर मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी।
2024 में शुरू हुआ था दक्षता पदक
केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 1 फरवरी 2024 को की थी। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों के विशेष कौशल, चुनौतीपूर्ण अभियानों, खुफिया कार्यों और विशिष्ट सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है।
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर घोषित वर्ष 2026 के पदकों में हरियाणा STF के 10 कर्मियों का चयन प्रदेश पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
DGP ने चयनित पुलिसकर्मियों को दी बधाई
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पदक के लिए चुने गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिसकर्मियों की मेहनत, समर्पण, टीमवर्क और पेशेवर क्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ एसटीएफ की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित अपराधियों को कानून के दायरे में लाने में भी हरियाणा पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

